शामली। जिले में कोरोनारोधी टीकाकरण की रफ्तार तेज करने के लिए स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने संयुक्त रूप से कसरत तेज कर दी है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और प्रशासन के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से ब्लाक कार्यालयों में बैठक कर ग्राम प्रधानों से ज्यादा से ज्यादा लोगों को टीकाकरण कराने में सहयोग मांगा है।
जिले में त्योहारों व उसके बाद से टीकाकरण का प्रतिशत कम चल रहा है। पहले तो माना जा रहा था कि दीपावली के त्योहार की वजह से टीकाकरण कम हो रहा है, लेकिन त्योहारों के बाद टीकाकरण पहले जैसी गति नहीं पकड़ पा रहा है। पहले 80 प्रतिशत से अधिक टीकाकरण हो रहा था, लेकिन अब 20 से 30 प्रतिशत टीकाकरण हो पा रहा है। शासन ने भी टीकाकरण कम होने पर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को संयुक्त रूप से प्रयास कर हर हाल में शत प्रतिशत टीकाकरण कराने के निर्देश दिए हैं।
जिले में टीकाकरण कम होने पर डीएम जसजीत कौर ने मंगलवार को समीक्षा बैठक में सीएमओ संजय अग्रवाल व जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. राजकुमार सागर से स्पष्टीकरण मांगा है। इसके साथ ही सभी चिकित्सा प्रभारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। जिले में शहरी क्षेत्रों के मुकाबले ग्रामीण क्षेत्रों में टीकाकरण कम होना पाया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने जिले के सभी ब्लाकों पर ग्राम प्रधानों की बैठक लेकर टीकाकरण बढ़ाने में सहयोग मांगा है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. राजकुमार सागर ने बताया कि कैराना ब्लाक में एनआरएलएम के डीसी, थानाभवन में सीडीओ, शामली में डीडीओ और कांधला में डीपीआरओ के साथ स्वास्थ्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से ग्राम प्रधानों के साथ बैठक ली।
बैठक में ग्राम प्रधानों से कहा गया कि गांव में टीके से वंचित लोगों को समझाकर टीके लगवाने में सहयोग दे। जिन लोगों ने दूसरी डोज नहीं लगवाई है, उन्हें भी दूसरे टीके के लिए प्रेरित करें ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को टीकाकरण किया जा सके। उन्होंने बताया कि ग्राम प्रधानों ने टीकाकरण बढ़ाने में सहयोग का आश्वासन दिया है।
-----------------------
वैक्सीनेशन के लिए माइक्रो प्लान तैयार
कैराना। कोरोना की तीसरी लहर की आशंका को लेकर वैक्सीनेशन के कार्य में तेजी लाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने ग्राम प्रधानों व सचिवों के साथ बैठक आयोजित की। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने निगरानी समिति को सक्रिय करने के साथ ही स्वयं सहायता समूह, आशा, आंगनबाड़ी व प्राथमिक विद्यालयों के अध्यापकों के सहयोग से ग्रामीणों को जागरूक कर वैक्सीनेशन कराने के लिए सहयोग की अपील की।
जिलाधिकारी के निर्देश पर कैराना खंड विकास कार्यालय पर डिप्टी कमिश्नर एनआरएलएम शैलेन व्यास व चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विजेंद्र कुमार ने बैठक में मौजूद ग्राम प्रधानों व सचिवों से कहा कि कोरोना अभी खत्म नहीं हुआ है। जब तक सभी लोगों को वैक्सीन की दोनों डोज नहीं लग जाती तब तक खतरा बना हुआ है। उन्होंने ग्राम प्रधानों से गांव में मौजूद धार्मिक लोगों के सहयोग से ग्रामीणों को वैक्सीनेशन कराने के लिए जागरूक करने की अपील की। अखिल भारतीय प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष चौधरी आरिफ अली ने ग्राम प्रधानों से ज्यादा से ज्यादा टीकाकरण के लिए प्रचार-प्रसार कर भ्रांतियों पर ध्यान न देने तथा वैक्सीनेशन के कार्य में तेजी लाने के लिए सहयोग की अपील की। मौके पर ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक अतुल गर्ग, कम्यूनिटी प्रोसेस आरिस खान, एडीओ पंचायत धर्म सिंह, वसीम, ग्राम प्रधान मुनव्वर, दिलशाद, मेहरबान व असलम आदि मौजूद रहे।