आयुष मलिक, उससे बरामद मौलाना की तस्वीर, मोबाइल, चाकू और डायरी में लिखा नोट।
- फोटो : अमर उजाला
आयुष धर्मांतरण प्रकरण की जांच में पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं। जांच के दौरान आयुष के घर से एक डायरी, दो मोबाइल फोन, एक चाकू तथा उर्दू में लिखे दो पर्चे बरामद हुए हैं। डायरी में "मैं एक मिशन पर हूं" लिखा मिला है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह आरोपी मौलाना इरफान के कहने पर लिखा गया था।
पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जांच के दौरान उर्दू में लिखे दो पर्चे भी मिले हैं, जिन पर "अजीमुश्शान इजलास-ए-आम" अंकित है और आठ फरवरी को आयोजित होने वाले जलसे का उल्लेख किया गया है। इसके अलावा डायरी से नानूपुरा निवासी मौलाना इरफान का एक फोटो भी बरामद हुआ है।
पुलिस अब डायरी और बरामद अन्य सामग्री की गहनता से जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आयुष के पास मिला चाकू कहां से आया और उसका क्या उद्देश्य था। अधिकारियों का मानना है कि बरामद सामग्री से धर्मांतरण गिरोह से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।
एसपी ने बताया कि वांछित आरोपी मौलाना इरफान की तलाश में दिल्ली समेत कई स्थानों पर दबिश दी जा रही है। जांच में धर्मांतरण गिरोह से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आए हैं और जल्द ही गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मौलाना अय्यूब के नाम का निमंत्रण पत्र भी मिला
जांच के दौरान आयुष के पास से मौलाना अय्यूब के नाम का एक निमंत्रण पत्र भी बरामद हुआ है। यह निमंत्रण दिल्ली बस स्टैंड स्थित मदरसा इमदादिया में आठ फरवरी को प्रस्तावित एक जलसे का बताया जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मौलाना अय्यूब कौन हैं, यह निमंत्रण पत्र आयुष तक कैसे पहुंचा और क्या वह उक्त जलसे में शामिल हुआ था। साथ ही पुलिस आयुष के संपर्क में रहे लोगों और उसके नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
ये भी देखें...
UP: सहारनपुर में दर्दनाक हादसा, रेस्टोरेंट की लोडिंग लिफ्ट में फंसी रेस्टोरेंट संचालक की गर्दन, मौके पर मौत