एंटी लार्वा स्प्रे, फॉगिंग से करें डेंगू पर कंट्रोल
शामली। जिले के नामित नोडल अधिकारी मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. ने जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक में डेंगू के प्रभावी नियंत्रण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमित एंटी लार्वा स्प्रे तथा फॉगिंग कराई जाए। जलजमाव की स्थिति का प्रभावी निस्तारण कराते हुए प्रतिदिन की रिपोर्टिंग के निर्देश दिए।
शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय अनुश्रवण व कानून व्यवस्था की बैठक में मंडलायुक्त ने विकास कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने बकाया गन्ना मूल्य भुगतान की समीक्षा करते हुए मिल मालिकों को तेजी से भुगतान करने के निर्देश दिए। उन्होंने डेंगू के प्रभावी नियंत्रण हेतु समीक्षा बैठक में ग्रामीण क्षेत्र व शहरी क्षेत्रों में नियमित एंटी लार्वा स्प्रे तथा फॉगिंग, जलजमाव की स्थिति का प्रभावी निस्तारण कराते हुए प्रतिदिन की रिपोर्टिंग करने के निर्देश दिए।
उन्होंने एसपी से महिला अपराध, यातायात व्यवस्था, अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के संबंध में जानकारी ली। पशु चिकित्सा अधिकारी को गोआश्रय स्थलों की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने कहा कि अभियान चलाकर गोल्डन कार्ड बनाए जाएं। जिलापूर्ति अधिकारी शशिकांत से विभाग के कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने जिले में जितने अंत्योदय कार्ड धारक हैं, सबका नाम यूनिट में प्रॉपर है या नहीं, उसका सर्वे कराते हुए पात्रों को यूनिट में जोड़ने और अपात्रों की अलग से सूची बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने जिला गन्ना अधिकारी विजय बहादुर सिंह से चीनी मिलों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि पेराई सत्र से पहले सभी चीनी मिलों के बाहर की जो सड़क खराब हैं, उसे तत्काल दुरुस्त कराया जाए। विद्युत विभाग, लघु सिंचाई विभाग के कार्यों की भी समीक्षा की। बैठक में डीएम जसजीत कौर, एडिशनल कमिश्नर, एसपी सुकीर्ति माधव, सीडीओ शंभूनाथ तिवारी, एडीएम अरविंद कुमार सिंह, डीडीओ प्रमोद कुमार समेत जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
शामली कलक्ट्रेट सभागार में बैठक के दौरान कार्यक्रम अधिकारी से जानकारी लेते मंडलायुक्त लोकेश एम- फोटो : SHAMLI