शामली की पंजाबी कॉलोनी में अजय पाठक के आवास पर घटना की जानकारी लेते राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल ?
- फोटो : SHAMLI
आरोपी का नार्को टेस्ट कराएं, परिवार को संतुष्ट करें - कपिल देव अग्रवाल
शामली। प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने अजय पाठक परिवार हत्याकांड की जानकारी ली और शोक संवेदना व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। सीओ सिटी से अब तक की कार्रवाई की जानकारी लेकर कहा कि मामले में अगर आरोपी सही नहीं बोलता है, तो सच्चाई को सामने लाने के लिए नार्को टेस्ट कराएं और पीड़ित परिवार को संतुष्ट करें।
शनिवार दोपहर को राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, आयुष बोर्ड के चेयरमैन सुभाषचंद शर्मा और राज्य अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य सुदर्शन बेदी शामली पहुंचे। पाठक परिवार से मुलाकात कर राज्यमंत्री ने घटना पर दुख व्यक्त किया। राज्यमंत्री को वहां मौजूद सीओ सिटी जितेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी हिमांशु को गिरफ्तार किया गया है। विस्तृत पूछताछ करने के लिए आरोपी को चार दिन के पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया गया है। पुलिस की टीमें कार्रवाई में जुटी हुई है। राज्यमंत्री ने सीओ सिटी से कहा कि मामले की गहनता से जांच की जाए।
- न्याय नहीं मिला तो विधानसभा में उठाएंगे मामला
शामली। कैराना से सपा विधायक नाहिद हसन ने शनिवार दोपहर पंजाबी कालोनी में पहुंचकर पीड़ित परिवार से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। विधायक ने कहा कि पाठक परिवार के साथ हुई यह घटना अत्यंत दुुखद है। उनकी सरकार से मांग है कि जघन्य वारदात का सही खुुलासा किया जाए। जो भी अपराधी है, उन सबके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अगर पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता तो वे इस मामले को विधानसभा में उठाएंगे। इस दौरान उनके साथ मनोज राणा, महबूब राणा, राशिद अली एडवोकेट, विजय कौशिक और असलम प्रमुख आदि मौजूद रहे।