कांधला क्षेत्र के गांव नाला के नाले में फैली गंदगी
- फोटो : SHAMLI
सीएम तक की शिकायत, फिर भी साफ नहीं हुआ नाला और तालाब
शामली। कांधला ब्लॉक के नाला गांव में हनुमान मंदिर के सामने स्थित तालाब और नाले की सफाई मुख्यमंत्री से शिकायत करने के बाद भी नहीं हुई। शिकायतकर्ता को हर स्तर से कोरे आश्वासन मिले या फिर कागजों में सफाई कराकर शिकायत का निस्तारण दिखा दिया गया। तालाब का पानी आसपास एकत्र होने से उनके मकान को क्षति पहुंचने की आशंका गहरा गई है।
नाला गांव निवासी सुनील पंवार ने बताया कि हनुमान मंदिर के सामने तालाब है, जिसकी काफी समय से सफाई नहीं हुई। इसकी शिकायत वह ब्लॉक स्तर से मुख्यमंत्री स्तर तक कर चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ब्लॉक स्तर से आधी-अधूरी सफाई कराकर खानापूर्ति कर दी गई। तालाब की सफाई न होने से अब उसमें जलकुंभी की अधिकता हो गई है। तालाब के पानी की निकासी के लिए सहायक नाला भी गंदगी से अटा हुआ है, जिसके चलते तालाब का पानी आसपास एकत्र होने लगा है। इससे उनके मकान को भी क्षति पहुंचने की आशंका बढ़ गई है। ब्लॉक स्तर के अधिकारी डीएम जसजीत कौर और सीडीओ शंभूनाथ तिवारी को झूठी रिपोर्ट देकर गुमराह कर रहे हैं। इस संबंध में सीडीओ शंभूनाथ तिवारी ने बताया कि तालाब की सफाई पंप सेट से ही हो पाती है। बीडीओ को निर्देश देकर फिर से तालाब का पानी निकलवाया जाएगा।
कांधला क्षेत्र के गांव नाला के नाले में फैली गंदगी- फोटो : SHAMLI