217 ग्राम पंचायतों में बनेंगे सामुुदायिक शौचालय
शामली। खुले में शौच पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए हर ग्राम पंचायत में सामुदायिक शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा। जिले की 230 ग्राम पंचायतों में से 217 को शौचालय निर्माण के लिए चुना गया है जबकि अन्य में जगह उपलब्ध नहीं है। चिह्नित पंचायतों में चार और छह सीटर शौचालय बनवाए जाएंगे। ग्राम पंचायतें राज्य वित्त, 15वें वित्त एवं मनरेगा से निर्माण कार्य कराएंगी।
गांवों में ओडीएफ की स्थिति को बनाए रखने के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में शौचालयों का निर्माण कराया जाना है ताकि जो लोग खुले में शौच जाते हों वे इनका इस्तेमाल कर सकें। जनपद में कुल 230 ग्राम पंचायतें हैं। इनमें से 217 को शौचालय निर्माण के लिए चुना गया है। सीडीओ शंभूनाथ तिवारी ने बताया कि इन ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालय निर्माण के लिए जमीन मिली है जबकि बाकी ग्राम पंचायतों में जमीन नहीं मिल पाई हैँ। शौचालयों का निर्माण घनी आबादी वाली बस्तियों में होना है या ऐसे स्थान को चिह्नित किया जाना है जहां तक आना-जाना आसान हो। शौचालयों का निर्माण राज्य वित्त, 15वें वित्त एवं मनरेगा से किया जाएगा।
--
- मनरेगा श्रमिकों को मिलेगा काम
सीडीओ शंभूनाथ तिवारी ने बताया कि शौचालय निर्माण से मनरेगा से कार्य कराए जाएंगे। इससे मनरेगा मजदूरों को रोजगार मिलेगा। उन्होंने बताया कि शौचालय निर्माण कार्य से 230 मानव दिवस सृजित होंगे और 46 हजार 230 दिन की मजदूूरी श्रमिकों को मिलेगी।
--
शौचालय का प्रकार भूमि की जरूरत लागत
दो सीटर 36.32 वर्ग मीटर 3.85 लाख रुपये
चार सीटर 53.89 वर्ग मीटर 5.71 लाख रुपये
छह सीटर 70.32 वर्ग मीटर 7.50 लाख रुपये