शामली। भारतीय किसान यूनियन कार्यकर्ताओं ने किसानों के साथ विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता (तृतीय) के कार्यालय पर जमकर हंगामा प्रदर्शन किया। दफ्तर से कर्मचारियों को बाहर निकालकर तालाबंदी कर दी। कई घंटे तक धरना प्रदर्शन चलता रहा। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर किसानों को समझाने का प्रयास किया।
सोमवार को भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश महासचिव विनोद निर्वाल के नेतृत्व में किसान दिल्ली रोड स्थित अधिशासी अभियंता कार्यालय पहुंचे। उनका आरोप था कि गांवों में विद्युत मीटर लगाने में गड़बड़ी की जा रही है तथा अवर अभियंता द्वारा किसानों का शोषण किया जा रहा है।
इसकी शिकायत अधीक्षण अभियंता से करने जाते हैं, तो अधिकारी मिलते नहीं है। इस कारण किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि विद्युत चेकिंग के नाम पर किसानों से अवैध वसूली की जाती है।
इस दौरान किसानों ने दफ्तर में हंगामा प्रदर्शन करते हुए विद्युत कर्मियों को बाहर निकाल दिया और कार्यालय पर तालाबंदी कर दी। इसके बाद कार्यालय परिसर में ही धरना देकर बैठ गए। जमकर नारेबाजी की गई। विद्युत कर्मियों को भी किसानों ने अपने बीच धूप में बैठा लिया। हंगामे की सूचना
उच्चाधिकारियों तक पहुंची, जिसके बाद शामली कोतवाली पुलिस को भी मौके पर भेजा गया। पुलिस ने भी किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने धरना समाप्त नहीं किया।
भाकियू नेता विनोद निर्वाल ने कहा कि जब तक विद्युत विभाग के उच्चाधिकारी मौके पर आकर किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं कराएंगे, धरना चलता रहेगा।
इसके चलते सोमवार शाम तक सभी किसान धरना प्रदर्शन पर मौजूद रहे। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य मास्टर जाहिद, अब्बास प्रधान, अताउर्रहमान, जमशेद खान, हाजी इरशाद, सुशील, नीटू, जितेंद्र, समरपाल, आबिद, सरवर, शाकिर, हासिम, शाहनवाज, इंतजार, शौकीन, इशाक, इमरान, अनीस, रफीक, फिरोज, बिलाल, कय्यूम, मोहर सिंह, सुखपाल, प्रदीप रंगाना और वेदपाल आदि शामिल रहे।