आधुनिक कूड़ा निस्तारण प्लांट में आचार संहिता नहीं बनेगी बाधक
शामली। आदर्श चुनाव आचार संहिता में आधुनिक कूड़ा निस्तारण प्लांट के कार्य में कोई रुकावट नहीं आएगी। आचार संहिता लागू होने से पूर्व ही कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस कंपनी ने औपचारिक रूप से इसके निर्माण कार्य की शुरूआत कर दी । हालांकि फिलहाल कूड़ा न हटने व बारिश की वजह से काम बंद होना बताया जा रहा है।
शहर के भैंसवाल रोड पर स्थित पालिका के डंपिंग ग्राउंड की भूमि को आधुनिक कूड़ा निस्तारण प्लांट के लिए चयनित किया गया है। कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस ने टेंडर प्रक्रिया को पहले पूरा कर लिया था और एक सप्ताह पहले पालिका ने शासन से मिले बजट में से 1.91 करोड़ रुपये कार्यदायी संस्था के खाते में भेज दिए थे। कार्यदायी संस्था ने आचार संहिता लागू होने पर निर्माण कार्य में रुकावट न आ सके, इसके लिए पहले ही औपचारिक रूप से निर्माण कार्य की शुरूआत कर दी थी। इसके लिए पालिका ने निर्माण कार्य शुरू करने के लिए अपने स्तर से कूड़ा हटाकर कुछ जगह खाली कर दी थी। अब पालिका ने डंपिंग ग्राउंड में इकट्ठा हजारों टन कूड़े को हटाने के लिए दिल्ली की एजेंसी को टेंडर दिया है।
नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि आठ जनवरी को आचार संहिता लागू होने से पहले ही आधुनिक कूड़ा प्लांट निर्माण की औपचारिक शुरूआत की जा चुकी है। बारिश की वजह से अभी काम बंद है। प्लांट के निर्माण के लिए कुछ जगह खाली की जा चुकी है। पालिका की तरफ से कूड़ा हटाने के लिए एक एजेंसी का टेंडर हो चुका है। यह एजेंसी डंपिंग ग्राउंड से कूड़ा खत्म कर उसे प्लाट की शक्ल में बनाएगी। एजेंसी जल्द ही कूड़ा खत्म करने का काम शुरू कर देगी, जिससे प्लांट के निर्माण कार्य में कोई रुकावट नहीं आएगी।