गन्ना मूल्य का भुगतान न होने पर घेरा थाना
थानाभवन। गन्ना भुगतान सहित किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने थाने में धरना-प्रदर्शन किया। एसडीएम शामली और जिले की तीनों मिलों के महाप्रबंधकों को भी किसानों ने अपने बीच धरने पर बैठा लिया। करीब छह घंटे चले धरने के बाद छह सितंबर तक भुगतान के आश्वासन पर धरना समाप्त कर दिया। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि गन्ना नियम के अनुसार भुगतान 14 दिनों में किया जाना चाहिए। इसके बाद 15 प्रतिशत ब्याज का सहित भुगतान दिया जाए। बावजूद इसके सात माह बाद भी मिलें भुगतान नहीं कर रही हैं और न ही ब्याज दे रही हैं।
भाकियू प्रवक्ता ने कहा कि जिले की मिलों पर बकाया का ब्याज ही लगभग 70 करोड़ रुपये है, जो किसानों को मिलना चाहिए। थानाभवन मिल पर सबसे अधिक भुगतान बाकी है। किसानों के सामने आर्थिक संकट बना हुआ है। कहा कि किसानों से क्रेडिट कार्ड और बिजली बिलों पर खुले तौर पर ब्याज वसूली की जाती है, तो उनके गन्ने के भुगतान का ब्याज भी मिलना चाहिए। करीब छह घंटे चले धरने के बीच पहुंचे एसडीएम शामली संदीप कुमार ने किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन किसानों ने उन्हें भी धरने के बीच बैठा लिया। इसके बाद तीनों शुगर मिल बजाज शुगर मिल थानाभवन, शामली चीनी व ऊन चीनी के जीएम व अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्हें देख किसानों ने नारेबाजी शुरू कर दी। उधर, किसानों ने तीनों मिलों के जीएम को भी अपने बीच धरने पर बैठा लिया। करीब एक घंटा चली वार्ता के बाद सभी मिलों के जीएम ने मिल प्रबंध तंत्र से वार्ता के बाद छह सितंबर तक किसानों का भुगतान करने का आश्वासन दिया। इस आश्वासन पर धरना समाप्त हो गया। धरना समाप्त होने पर अधिकारियों ने राहत की सांस ली। धरने की अध्यक्षता जयवीर सिंह ने व संचालन राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप पंवार ने किया। धरना-प्रदर्शन में मेनपाल भैंसवाल, देवराज पहलवान, सतवीर सिंह, ओमपाल सैनी, अमरदीप पंवार, विकास, मैनपाल, मास्टर आरिफ सहित बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए।
--
मिलों ने किया मात्र 45.19 प्रतिशत भुगतान
शामली। जनपद में गन्ना मूल्य भुगतान की स्थिति बेहद खराब है। अभी तक शुगर मिलों ने 45.19 प्रतिशत ही भुगतान किया है। इनमें शामली शुगर मिल ने 44.86, ऊन शुगर मिल ने 48.38 तथा थानाभवन शुगर मिल ने सबसे कम 43.25 प्रतिशत गन्ना मूल्य का ही भुगतान किया है।
-
जिले में गन्ना मूल्य बकाया की स्थिति
शुगर मिल बकाया भुगतान करोड़ रुपये में
शामली 214.23
ऊन 174.05
थानाभवन 278.53
कुल 666.82
थानाभवन थाने में धरने पर बैठे भाकियू कार्यकर्ता।- फोटो : SHAMLI