शामली। वीवी इंटर कॉलेज के छात्र मोनू कुमार ने ट्रेन से बिजली उत्पन्न करने का मॉडल तैयार किया है। ट्रेन के चलने से शहरी-ग्रामीण क्षेत्रों को भरपूर बिजली मिलेगी। मोनू ने कलक्ट्रेट में अपने मॉडल का प्रदर्शन किया, जिसे डीएम ने सराहा।
बुधवार को वीवी इंटर कॉलेज के 12वीं के छात्र और कुड़ाना गांव निवासी मोनू टेंपो में अपना ट्रेन का मॉडल लेकर कलक्ट्रेट पहुंचा। कलक्ट्रेट में ट्रेन के मॉडल का प्रदर्शन करते हुए मोनू ने बताया कि ट्रेन के चलने से बिजली का उत्पादन होगा, जिससे पूरे शहर और ग्रामीण क्षेत्रों को बिजली आपूर्ति मिलेगी। बाल वैज्ञानिक ने बताया यह मॉडल दो माह में तैयार किया गया है।
मॉडल सनमाइका और प्लाइवुड के बोर्ड पर बनाया गया है, जिसमेें रेलवे लाइन, ट्रेन, स्टेशन और शहर के अलावा कुड़ाना गांव को दर्शाया गया है। बाल वैज्ञानिक मोनू का कहना है कि वह सौर ऊर्जा के कई प्रोजेक्ट पर कार्य कर रहा है। मॉडल में लकड़ी, प्लास्टिक, इलैक्ट्रिक पहिये और दो डिब्बों का इस्तेमाल किया गया है।
कलक्ट्रेट में मोनू के ट्रेन के मॉडल को जिला विज्ञान क्लब के अध्यक्ष डीएम ओपी वर्मा और सचिव वीवी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य वीके गुलाटी ने सराहा। जिला विज्ञान क्लब के सचिव वीके गुलाटी ने बताया कि मॉडल को लखनऊ में जिला विज्ञान क्लब की शाखा नव प्रवर्तन केंद्र के माध्यम से अगले सप्ताह विज्ञान प्रौद्योगिक परिषद लखनऊ को भेजा जाएगा। जहां पर मॉडल को पेटेंट कराया जाएगा।