शामली। पंजाब के पठानकोट में वायुसेना बेस पर हुए आतंकी हमले की घटना के बाद जिले में भी हाईअलर्ट कर दिया गया। पुलिस को सार्वजनिक स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाने और संदिग्धों से पूछताछ करने के निर्देश दिए गए हैं। शनिवार को आरपीएफ और जीआरपी ने भी ट्रेनों में चेकिंग अभियान चलाया।
शनिवार सुबह हुए पंजाब के पठानकोट में हुए आतंकी हमले की घटनाओं के बाद जिला पुलिस भी अलर्ट हो गई है। इस संबंध में एसपी को भी डीजीपी मुख्यालय से पत्र भेजकर सार्वजनिक स्थानों पर चेकिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। जिसके बाद पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों रोडवेज बस स्टैंड, पार्क आदि में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ भी की।
एसपी विजय भूषण ने बताया कि जिले की पुलिस को सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही संदिग्ध लोगों से पूछताछ व वाहनों की जांच करने के भी कड़े निर्देश हैं। उधर, आरपीएफ व जीआरपी ने भी स्टेशन व ट्रेन में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यात्रियों के सामानों की तलाशी ली गई। चेकिंग अभियान के दौरान कुछ स्कूली छात्र बिना टिकट भी मिले। जिन्हें बाद चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।