मुजफ्फरनगर। नो वेंडिंग जोन में लग रहा चाट बाजार बंद कराने के लिए नोटिस चस्पा कर दिया गया है। 50 से अधिक ठीये लगाने वाले 100 से अधिक परिवारों के सामने ठिकाना बदलने और रोजी-रोटी का संकट है। पालिका प्रशासन ने चाट बाजार बंदी का नोटिस चस्पा कर बालाजी जयंती के अवसर पर शनिवार को मुनादी कराकर चेतावनी जारी कर दी।
लाखों रुपये में ठेका छोड़कर नगर पालिका गेट नंबर दो के आसपास चाट बाजार लगवा रही थी। वित्तीय वर्ष 2024-25 में चाट बाजार का ठेका पालिका कर विभाग ने 27.55 लाख रुपये में छोड़ा था। पालिका प्रशासन ने शहरी सुंदरीकरण की नीति के तहत टाउनहाॅल के बाहर चाट बाजार बंद करते हुए वहां से ठेले और ठिये हटवाने का निर्णय लिया। जिसके चलते इस वर्ष ठेका नहीं छोड़ा गया। 31 मार्च को ठेका समाप्त होने के साथ ही कर विभाग की ओर से ठेले-ठिये लगाने वाले लोगों को सूचना दे दी गई थी।
कर निर्धारण अधिकारी दिनेश यादव ने बताया कि पूर्व में ही चाट बाजार वालों को सूचना दे दी गई थी कि पालिका चेयरपर्सन के आदेश पर इसको बंद किया जा रहा है। ऐसे में उनको यहां से ठीये हटाने पड़ेंगे। इसके बाद शनिवार को चाट बाजार बंदी के नोटिस विभागीय स्तर पर चस्पा करा दिए गए। साथ ही ई-रिक्शा के माध्यम से शहर में मुनादी भी कराई जा रही है कि यह चाट बाजार अब बंद करा दिया गया है। इसके चलते यहां पर कोई भी ठिया या ठेला आदि नहीं लगाने दिया जाएगा।