केंद्रीय उत्पाद शुल्क की टीम ने भाजपा नेता की फैक्ट्री में की जांच
शामली। मेरठ से पहुंची सेंट्रल एक्साइज की टीम ने औद्योगिक क्षेत्र में जिला पंचायत अध्यक्ष पति भाजपा नेता की फैक्ट्री में पहुंचकर जांच की। बुधवार रात तक जांच चली। उसके बाद टीम कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने साथ लेकर चली गई।
जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष देवी के पति भाजपा नेता प्रसन्न चौधरी की कैराना रोड स्थित औद्योगिक क्षेत्र में राधारानी के नाम से फैक्ट्री है। इसमें तंबाकू, पान मसाला आदि की पैकिंग होती है। बुधवार शाम को फैक्ट्री में मेरठ केंद्रीय उत्पाद शुल्क कार्यालय के डिप्टी कमिश्नर अनिल गहलौत के नेेतृत्व में विभाग की टीम अचानक पहुंची और जांच की। टीम ने फैक्ट्री में घूमकर वहां चल रहे कार्य का निरीक्षण किया और फैक्ट्री के दस्तावेजों की जांच पड़ताल की। बताया जा रहा है कि टीम रात डेढ़ बजे तक फैक्ट्री में रही।
इस संबंध में केंद्रीय उत्पाद शुल्क कार्यालय के डिप्टी कमिश्नर पंकज त्यागी ने कार्रवाई की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि टीम ने वहां रात तक जांच की थी और दस्तावेज चेक किए थे। कुछ दस्तावेज को टीम अपने साथ लेकर आई है। इसकी जांच की जाएगी इसके बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। अभी तक कोई कार्रवाई इस प्रकरण में नहीं हुई है।
उधर भाजपा नेता प्रसन्न चौधरी ने बताया कि वह लोग केवल तंबाकू पैकिंग का जॉब कार्य करते हैं। यह टीम की रुटीन चेकिंग थी और टीम ने फैक्ट्री में निरीक्षण कर कागजात चेेक किए। टीम अपने साथ कुछ कागजात जांच को ले गई है। वैसे उनके यहां सब कुछ ठीक मिला है। सुबह मामले का पता चलने पर उद्यमियों ने भाजपा नेता से मामले की जानकारी ली। यह मामला काफी गोपनीय रखा गया था । बृहस्पतिवार रात को इसकी शहर में चर्चा हुई।