शामली के मोहल्ला रेल पार में भारत-पाकिस्तान का मैच देखते प्रशंसक। संवाद
शामली। टी-20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को खेले गए रोमांचक मुकाबले में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 175 रन बनाए। भारत की ओर से इशान किशन ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 77 रन की शानदार पारी खेली, जबकि सूर्यकुमार यादव ने 32 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया। देर रात भारत की जीत पर जिले में जश्न मनाया गया। इशान किशन के चौकों की बरसात से प्रशंसक झूम उठे। दोपहर से ही मैच को लेकर जिले भर में उत्साह का माहौल था। शहर की वर्मा मार्केट, रेलवे रोड के अलावा मुंडेट कला, कांधला, जलालाबाद, थाना भवन और अन्य स्थानों पर लोगों ने एलईडी और मोबाइल फोन पर मैच का आनंद लिया। जगह-जगह लोग समूह बनाकर मैच देखते नजर आए। भारत द्वारा 175 रन का लक्ष्य देने के बाद जवाब में उतरी पाकिस्तान की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई और लगातार विकेट गिरते रहे। जैसे-जैसे भारतीय गेंदबाज पाकिस्तान के बल्लेबाजों को पवेलियन भेजते गए, वैसे-वैसे भारतीय समर्थकों की खुशी बढ़ती गई। हर विकेट पर तालियां और जयकारे गूंजते रहे।
देर रात भारत की जीत सुनिश्चित होते ही जिले भर में जश्न का माहौल बन गया। लोगों ने आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया और एक-दूसरे को बधाई दी। क्रिकेट प्रेमियों का कहना था कि भारतीय टीम ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह पाकिस्तान से किसी भी सूरत में कमजोर नहीं है।
शामली के मोहल्ला रेल पार में भारत-पाकिस्तान का मैच देखते प्रशंसक। संवाद
शामली के मोहल्ला रेल पार में भारत-पाकिस्तान का मैच देखते प्रशंसक। संवाद
शामली के मोहल्ला रेल पार में भारत-पाकिस्तान का मैच देखते प्रशंसक। संवाद