घर के ताले तोड़कर नकदी-गहने चोरी
शामली, कैराना। कस्बे के मोहल्ला आलकलां में रात को चोरों ने घर के ताले तोड़कर नकदी और गहने चोरी कर लिए। पीड़ित परिवार मकान पर ताला लगाकर शादी समारोह में गया था।
कस्बा कैराना के मोहल्ला आलकलां निवासी मोहम्मद नदीम बृहस्पतिवार रात को परिवार के साथ हरियाणा के जिला पानीपत के गांव समालखा में रिश्तेदारी में शादी समारोह में गया था। वह अपने घर पर ताला लगाकर गया था। रात में चोरों ने घर के ताले तोड़कर करीब छह लाख रुपये, करीब 30 तोला सोना और ढाई किलो चांदी के गहने चोरी कर लिए। शुक्रवार को नदीम घर पहुंचा तो मकान का ताला टूटा हुआ पाया और घर में सामान इधर-उधर बिखरा था। पीड़ित ने पुलिस को चोरी की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की छानबीन की। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि चोरी की तहरीर मिली है, जिसकी जांच की जा रही है।