शामली। मिनी ट्रक की टक्कर से कार सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
अंकित गुप्ता निवासी जालंधर कैंट पंजाब अपने दोस्त अनमोल पुत्र रणवीर गुप्ता निवासी न्यू मॉडल टॉउन फगवाड़ा पंजाब के साथ मुजफ्फरनगर में आए हुए थे। शुक्रवार सुबह दोनों कार से जालंधर लौट रहे थे। सुबह करीब सात बजे कार मुजफ्फरनगर-शामली मार्ग पर गांव फतेहपुर में सत्संग भवन के पास पहुंची, तो सामने से आ रहे कैंटर ने कार में टक्कर मार दी। टक्कर से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में मौके पर ही अनमोल ने दम तोड़ दिया, जबकि अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया।
अंकित ने किसी तरह पुलिस को सूचना दी और उसके बाद मृतक के चाचा संजीव को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और मिनी ट्रक को कब्जे में ले लिया। बताया जाता है कि ट्रक में अंडे भरे हुए हैं और वह नीलोखेड़ी करनाल से गोंडा जा रहा था। इस दौरान ड्राईवर मौके से फरार हो गया। परिजन मौके पर पहुंचे और उनमें कोहराम मच गया। अंकित की तरफ से मिनी ट्रक के अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
उधर, गढ़ीपुख्ता में माजिद निवासी शाहजहांपुर सरसावा अपनी गाड़ी में अपने साथी के साथ अपने गांव लौट रहा था। बताया जाता है कि जैसे ही वह गढ़ीपुख्ता के कच्चीगढ़ी क्षेत्र में पुलिया के पास पहुंचा तो सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्राली ने उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उधर, गांव पिंडौरा निवासी देवी सिंह ऊन से अपने गांव लौट रहा था। जब वह ऊन बाईपास मार्ग पर पहुंचा तो बाइक का संतुलन बिगड़ने के कारण वह सड़क पर जा गिरा। इससे उसके चहरे और सिर पर गंभीर चोटें आईं। राहगीरों ने एंबुलेंस बुलाकर पीएचसी में भर्ती करवाया।