कैराना में सरकारी अस्पताल में उपचार कराते हादसे में घायल बच्चे । संवाद
- फोटो : kathua
कैराना। पानीपत बाईपास पर तेज रफ्तार कंटेनर ने बरातियों की कार में पीछे से टक्कर मार दी जिससे कार सवार चार बच्चों सहित छह बराती घायल हो गए। घायलों को सरकारी अस्पताल और गंभीर रूप से घायल एक बालक को उपचार के लिए शामली ले जाया गया। हादसे के बाद चालक कंटेनर को मौके पर छोड़ कर भाग गया।
शनिवार को नगला राई निवासी हाजी इस्लाम की बेटी की बरात गांव मोहम्मदपुर राई से आई थी। दोपहर करीब दो बजे पानीपत बाईपास पर मैरिज होम जा रही बरातियों की कार में तेज रफ्तार कंटेनर ने पीछे से टक्कर मार दी। कार क्षतिग्रस्त होकर सड़क किनारे खेत में जा गिरी।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे में कार सवार 70 वर्षीय गुलजार और उनका 35 वर्षीय भतीजा आबिद व आबिद का आठ वर्षीय बेटा अदनान निवासी पत्थरगढ़ हरियाणा, थाना भवन निवासी 12 वर्षीय अफ्फान, चरथावल के गांव नगला राई निवासी स्यान और मोहम्मदपुर राई निवासी 12 वर्षीय सुफियान घायल हो गए।
गंभीर हालत के चलते परिजन सुफियान को शामली अस्पताल ले गए। अन्य घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर नहीं मिली है।
कैराना में सरकारी अस्पताल में उपचार कराते हादसे में घायल बच्चे । संवाद- फोटो : kathua