बागपत। साइबर ठगों ने ब्रांडेड कंपनी का सेल्स मैनेजर बनकर बरनावा स्थित ज्ञान सागर गुरुकुल के ट्रस्टी विकास जैन से 1.51 लाख रुपये की ठगी कर ली। तहरीर मिलने पर साइबर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। बरनावा स्थित ज्ञान सागर गुरुकुल के ट्रस्टी विकास जैन ने बताया कि मुनि सुव्रत नाथ धाम मंदिर का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण के लिए ब्रांडेड कंपनी के सीमेंट के 540 कट्टे मंगवाने के लिए कंपनी के ऑनलाइन टोल फ्री नंबर पर संपर्क किया।
इसमें बात करने वाले व्यक्ति ने खुद को कंपनी का सेल्स मैनेजर बताया और सीमेंट की आधी कीमत जमा करने के लिए कहा। इसके बाद एक बार 75 हजार रुपये और फिर 76 हजार 200 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। खुद को सेल्स मैनेजर बताने वाले व्यक्ति ने तीसरी बार भी रुपये ट्रांसफर करने के लिए कहा, लेकिन सीमेंट नहीं भेजा। इस पर शक होने पर जानकारी जुटाई तो ठगी होने का पता चला।
इसमें साइबर थाना पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। साइबर ठगी की घटनाओं को रोकने के लिए लगातार जागरुकता अभियान चलाए जा रहे है। किसी भी कंपनी के टोल फ्री नंबर पर बातचीत होने के बाद रुपये ट्रांसफर करने से पहले पूरी जांच करनी चाहिए। इसमें पुष्टि होने के बाद ही रुपये ट्रांसफर किए जाए।