शामली/कांधला/जलालाबाद/गढ़ीपुख्ता/हसनपुर लुहारी/चौसाना। शामली में लंका दहन, जलालाबाद और चौसाना में लक्ष्मण शिक्त की लीला का मंचन किया गया। गढ़ीपुख्ता में बाली वध और हसनपुर लुहारी में हनुमान-मेघनाद युद्ध की लीला का मंचन किया गया। इस दाैरान बड़ी संख्या में लोग माैजूद रहे।
शामली के श्री मंदिर हनुमान धाम में 56वें रामलीला महोत्सव में सीता की खोज, श्री हनुमान-रावण संवाद, लंका दहन की लीला का मंचन किया गया। बजरंग बली समुंद्र पार करते हैं। लंका में लंकिनी राक्षसी का वध करके अशोक वाटिका में सीता के दर्शन करते हैं। इसके बाद हनुमान जी सीता को अपना परिचय देते हैं। बाद में अशोक वाटिका को उजाड़ देते हैं। रक्षा करने आए रावण के पुत्र अक्षय कुमार का वध, मेघनाथ के ब्रह्मपाश में हनुमान जी बंध जाते हैं। रावण और हनुमान जी के बीच संवाद और राक्षसों की ओर से हनुमान की पूंछ में आग लगाने, लंका दहन की लीला का मंचन किया गया। महोत्सव में श्री राम का अभिनय आकाश धीमान, लक्ष्मण का अभिनय उज्जवल नामदेव, सीता का अभिनय वंश राजपूत, हनुमान जी का अभिनय रवि पाठक, सुग्रीव का अभिनय आशुतोष, रावण का अभिनय विपिन शांडिल्य, जामवंत का अभिनय प्रिंस द्वारा किया गया। इस मौके पर बतौर मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष व पूर्व विधायक तेजेंद्र निर्वाल और विशिष्ट अतिथि के रूप में व्यापार मंडल के अध्यक्ष अंकित गोयल शामिल हुए।
कांधला कस्बे में श्री रामलीला मंचन के दौरान शबरी के अतिथि सत्कार, सुग्रीव मित्रता और बाली वध की लीला का मंचन किया गया। रामलीला मंचन के दौरान आसपास के ग्रामीण अंचल से सैकड़ों लोग रामलीला को देखने के लिए पहुंचे। श्री राम सुग्रीव के भाई बाली का वध कर देते हैं। रामलीला मंचन व मेला महोत्सव के दौरान मेले में देहात क्षेत्र की भी भीड़ बढ़नी शुरू हो गई है, जिसके चलते पुलिस प्रशासन को व्यवस्था बनाने में काफी मशक्कत का सामना करना पड़ रहा है। रामलीला मंचन में प्रबंधक लोकेश गोयल, श्याम कुमार सिंघल, राजीव जैन, प्रमोद शर्मा, तरुण अग्रवाल, सचिन शर्मा मौजूद रहे।
जलालाबाद कस्बे में चल रहे श्रीरामलीला में लक्ष्मण शक्ति लीला का मंचन किया गया। राम, सुग्रीव, जामवंत के साथ वानर सेना की मदद से लंका पार चढ़ाई करते हैं। मेघनाद के सारे अस्त्र असफल हो गए तो उसने अमोघ शक्ति लक्ष्मण के ऊपर छोड़ते हैं। शक्ति के लगते ही लक्ष्मण मूर्छित होकर गिर पड़े।
गढ़ीपुख्ता कस्बे के रामलीला भवन में चल रही रामलीला में सीता की खोज, पक्षीराज जटायू का मिलन और रामचंद्र जी की ओर जटायु का अंतिम संस्कार का मंचन किया गया।
हसनपुर लुहारी में श्री रामलीला सेवा समिति के कलाकारों ने लंका में सीता की खोज, अशोका वाटिका में सीता और हनुमान जी की मुलाकात, अक्षय वध और मेघनाद और हनुमान युद्ध के बाद ब्रह्मफाश में बंधने की लीला का मंचन किया गया। रामलीला कमेटी के मनोज रुहेला, राजपाल सैनी, संजय सैनी, विजय गोयल, धर्मपाल सैनी, राजेश धीमान मौजूद रहे। चौसाना कस्बे में जय भारत किसान इंटर कॉलेज मैदान में लक्ष्मण शक्ति की लीला मंचन किया गया। लक्ष्मण की भूमिका सतवीर कश्यप, मेघनाथ की मनीष शर्मा, हनुमान जी की अशोक रोहिल्ला, रावण की राजेश सैनी और भगवान राम की भूमिका संजीव गौतम ने निभाई।