थानाभवन। हरड़ फतेहपुर गांव में रविवार देर शाम एलटी लाइन में अचानक फाल्ट हो गया। घटना के समय बिजली लाइन में तेज आवाज के चिंगारियां निकलने लगीं, जिससे आसपास के लोग सहम गए। पिछले 20 दिनों के भीतर यह दूसरी घटना है।
यह घटना ठाकुर सुग्रीव के मकान के पास लगे बिजली के खंभे की केबल में हुई। अचानक तेज आवाज के साथ आग लग गई और घंटों तक चिंगारियां चलती रहीं। ग्रामीणों ने तत्काल बिजली विभाग को सूचना दी, जिस पर बिजली सप्लाई बंद कर दी गई। इसके बाद आग बुझाई जा सकी। मौके पर पहुंची विद्युत विभाग की टीम ने क्षतिग्रस्त तार जोड़कर सप्लाई बहाल की। ठाकुर सुग्रीव ने बताया कि लाइन को जल्द बदला जाना चाहिए। उपखंड अधिकारी विकास ने बताया कि थानाभवन में यह घटना दूसरी बार उसी स्थान पर हुई है। उन्होंने कहा कि फाल्ट के कारणों की जांच के लिए टीम गठित की गई है और जल्द ही पुराने केबल को बदल दिया जाएगा।