शामली। एक फरवरी को केंद्रीय वित्त मंत्री द्वारा संसद में आम बजट के साथ रेल बजट भी पेश किया जाएगा। रेल बजट से जिले के व्यापारियों सहित दैनिक यात्रियों को इस बार काफी उम्मीद है। लोगों ने मेरठ-पानीपत और कैथल करनाल से शामली होकर मेरठ के लिए नई रेलवे लाइन का कार्य शुरू करने की मांग की है। इसके अलावा दिल्ली-शामली, सहारनपुर रेलवे मार्ग का दोहरीकरण कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू करने और विद्युतीकरण कार्य जल्द पूरा किए जाने, लंबी दूरी की ट्रेनें चलाए जाने के साथ साथ ट्रेनों में सवारियों को सुरक्षा और सुविधा दिए जाने की मांग की है।
- दिल्ली-शामली, सहारनपुर रेलवे मार्ग का दोहरीकरण कार्य शुरू किए जाने और विद्युतीकरण कार्य तेजी से आगे बढ़े। लंबी दूरी की ट्रेनों का शामली मेेें स्टापेज दिए जाने के अलावा मेरठ से पानीपत नई रेलवे लाइन बिछाने के लिए कार्य शुरू किए जाने की मांग की है। विजय गर्ग, रिटायर्ड आईजी
- दिल्ली-शामली, सहारनपुर रेलवे मार्ग का दोहरीकरण का कार्य प्राथमिकता से शुरू किया जाए। विद्युतीकरण का कार्य तेजी से पूरा किया जाए। दोहरीकरण और विद्युतीकरण पूरा होने तक ट्रेनों की स्पीड बढ़ेगी। लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन शुरू किए जाने और लंबी दूरी की ट्रेनों का ठहराव होने से जिले के व्यापारियों का कारोबार बढ़ेगा। - पवन कुमार संगल, जिलाध्यक्ष, उप्र उद्योग व्यापार मंडल
- दिल्ली-शामली, सहारनपुर रेलवे मार्ग का दोहरीकरण जल्द से जल्द किया जाए। इसके अलावा विद्युतीकरण कार्य पूरा होने तक लखनऊ, प्रयागराज, जम्मू-कश्मीर और जगन्नाथ पुरी धाम तक लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन किए जाने की मांग की। - घनश्यामदास गर्ग, प्रदेशाध्यक्ष, प. उप्र संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल
- दिल्ली-शामली, सहारनपुर रेलवे मार्ग पर मुफ्त चलने वाले यात्रियों पर अंकुश लगाने के लिए नियमित ट्रेनों में चेकिंग कराई जाए। एक माह में दो बार मैजिस्ट्रेट चेकिंग हो। ट्रेनों में सवारियों की सुरक्षा के लिए कडे़ व्यवस्था कराई जाए। ट्रेनों के संचालन में आपराधिक घटनाएं होने के लिए ट्रेन एस्कार्ट और जीआरपी थाना प्रभारी को जिम्मेदार माना जाए। - अनुज बंसल, सचिव, अग्रवाल मित्र मंडल
शामली में केंद्रीय विद्यालय, मेडिकल कालेज की स्थापना करने, अमृतसर, अंबाला और चंडीगढ़ के लिए शामली होकर लंबी दूूरी की ट्रेनों को चलाए जाने की मांग की। अंडरपास में पानी भरने का मुद्दा उठाया गया था। जिस पर रेलवे ने उनकी मांग पर अंडरपास के ऊपर टीन शेड डालने कार्य शुरू हो गया है। दिल्ली से शामली तक नई ट्रेनें शुरू कराई है। - प्रदीप चौधरी, कैराना सांसद