सुबह का नाश्ता हुआ महंगा, ब्रेड-पाव के दाम बढ़े
शामली। सुबह का नाश्ता अब और भी महंगा हो गया है। ब्रेड के मूल्य में पांच रुपये की बढ़ोतरी हुई है। व्यापारियों का कहना है कि पेट्रोल-डीजल महंगा होने के कारण माल की ढुलाई भी 20 से 25 फीसदी बढ़ी है। इसके अलावा आटे के मूल्य में बनी हुई एक रुपये की तेजी का भी बेकरी उत्पादों पर असर पड़ा है। पाव और बन के पैकेट पर भी पांच रुपये बढ़े हैं।
आटा ब्रेड का 40 रुपये वाला पैकेट अब 45 रुपये का हो गया है। इसके अलावा कंपनियों ने 30 वाला ब्रेड 35 का, 35 वाला 40, 40 वाला 45 और 45 वाला पैकेट 50 रुपये का कर दिया है। इसके अलावा 110 रुपये वाला जंबो पैक 115 रुपये का मिल रहा है। कारोबारियों ने बताया कि प्रतिदिन सुबह ब्रेड की आवक दुकानों पर वाहनों से होती है। जिले में ब्रेड का निर्माण होता है। इसके अलावा हरियाणा राज्य से जिले में ब्रेड की आवक है। ऐसे में माल ढुलाई महंगी होने से कंपनियों ने मूल्य बढ़ाए हैं।
आटा ब्रेड की सबसे अधिक मांग
लोगों में मैदा की ब्रेड के बजाय आटा ब्रेड की अधिक मांग है। आटे के रेट में महीने भर से एक रुपये की तेजी बनी हुई है। 24 रुपये प्रति किलो फुटकर में आटे का रेट है जबकि महीने भर पहले 22 से 23 रुपये किलो आटे का रेट था।
चीनी के दामों में भी हुआ इजाफा
चीनी के दाम में भी पिछले कुछ दिनों में 3 रुपये का इजाफा हुआ है। 38 रुपये प्रति किग्रा बिकने वाली चीनी अब फुटकर में 41 रुपये प्रति किग्रा बिक रही है। इससे भी आम आदमी के बजट पर असर पड़ा है।
कुछ कंपनियों ने बढ़ाए हैं रेट
कुछ कंपनियों ने ब्रेड के बड़े पैकेट पर पांच रुपये तक की तेजी की है। इसके पीछे सबसे बड़ी वजह पेट्रोलियम पदार्थों की लगातार बढ़ती कीमतें हैं।
- शुभम अग्रवाल, कंफेक्शनरी कारोबारी।
क्या कहते हैं ट्रांसपोर्टर
घरेलू उत्पादों की ढुलाई करने वाले ट्रांसपोर्टर ने पेट्रोल और डीजल महंगा होने के बाद 20 फीसदी तक किराया बढ़ाया है। इसकी वजह से ब्रेड ही नहीं अन्य चीजों के दाम में भी वृद्घि हुई है। सरकार को मंहगाई को नियंत्रित करने के लिए कदम उठाने चाहिए।
- घनश्यामदास गर्ग, प्रदेशाध्यक्ष पउप्र संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल।