शामली में बाइकों की बुकिंग करते लोग।
- फोटो : SHAMLI
शामली। धनतेरस और दिवाली पर बाजारों में रौनक लौट आई है। ऑटोमोबाइल बाजार में बिक्री बढ़ी है। बुधवार को शहर की सात टू-व्हीलर एजेंसियों पर लगभग 300 वाहनों की बुकिंग हुईं। जिनकी डिलीवरी धनतेरस और दिवाली पर दी जाएगी।
कोरोना काल और लॉकडाउन के बाद आटोमोबाइल सेक्टर पर कारोबार प्रभावित चल रहा था। पुरुषोत्तम मास के बाद आटोमोबाइल के कारोबार में उछाल आना शुरू हो गया था। त्योहार के दौरान श्रीदुर्गा नवरात्र, करवाचौथ, अहोई अष्टमी के दौरान बाजार में ग्राहक आना शुरू हो गए। इस साल धनतेरस पर ग्राहकों ने दुपहिया वाहनों की अच्छी बुकिंग कराई है। शहर में सात टूव्हीलर्स एजेंसियां हैं, जिन पर 300 से ज्यादा बाइक एवं स्कूटी की बुकिंग हुई है।
दिल्ली रोड स्थित आटोमोबाइल सेंटर संचालक अंकुर सिंह ने बताया कि इस बार धनतेरस के लिए 55 और दिवाली के लिए 25 बाइकों की बुकिंग हुई है। धनतेरस से पहले कुल 13 बाइकों की डिलीवरी की गई है। पिछले साल धनतेरस की अपेक्षा इस साल ज्यादा बुकिंग हुई हैं। कारोबार को बढ़ाने के लिए कंपनी द्वारा उपहार योजना चलाई जा रही है।
करनाल रोड स्थित ओटोमोबाइल सेंटर के प्रभारी पुष्पेंद्र शर्मा ने बताया कि धनतेरस पर 50 बाइकों की बुकिंग हुई है। धनतेरस से एक दिन पहले 15 बाइकों की डिलीवरी हुई है, अन्य बुकिंग कराने वाले धनतेरस पर डिलीवरी लेंगे। दिल्ली रोड स्थित एजेंसी संचालक प्रदीप संगल का कहना है कि उनके यहां धनतेरस के लिए 50 बाइकों की बुकिंग हुई है। पिछले साल के मुकाबले बुकिंग इस बार कम रह गई है।
-----------
चमकेगा इलेक्ट्रॉनिक्स का बाजार
धनतेरस पर इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में भी काफी रौनक रहेगी। श्री लक्ष्मी इलेक्ट्रॉनिक्स एवं फर्नीचर के संचालक सचिन देशवाल ने बताया कि ज्यादातर लोगों ने एलईडी और वाशिंग मशीन की बुकिंग कराई है। करीब 25 एलईडी बुकिंग हैं जिनकी डिलीवरी धनतेरस पर दी जानी है। उन्होंने बताया कि अभी तक इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार हल्का था लेकिन धनतेरस पर इस कारोबार में उछाल आने की उम्मीद है।