थानाभवन। सेना के जवानों की बर्बरता से हत्या कर उनके शवों के साथ अमानवीय व्यवहार करने से हिंदू संगठनों में आक्रोश है। कश्मीर में सेना पर पत्थरबाजी की घटनाओं के विरोध में कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान के झंडे को लेकर शवयात्रा निकाली और पुतला फूंका।
बृहस्पतिवार को थानाभवन के बालाजी धाम में हिंदू संगठनों की बैठक हुई। बैठक में विहिप कार्यकारी जिलाध्यक्ष नरेंद्र सैनी ने कहा कि जब कश्मीर में किसी भी प्रकार की आपदा आई, तो भारतीय सैनिकों ने अपनी जान की परवाह किए बिना पीड़ितों की मदद की। परंतु पाकिस्तानी सेना की मदद से आतंकियों द्वारा गुमराह किए गए कश्मीर के युवक पत्थरबाजी कर रहे हैं, यह बेहद निंदनीय है। केंद्र सरकार को सेना को छूट देकर इन पत्थरबाजों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि दोबारा ऐसा न हो।
राकेश कांबोज ने कहा कि पत्थरबाजों और आतंकवादियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने का समय आ गया है। सतीश तायल ने कहा कि सेना के दो जवानों का सिर काटकर ले जाना बेहद शर्मनाक कृत्य है, अब भारतीय सेना को दोबारा सर्जिकल स्ट्राइक करनी चाहिए। कार्यकर्ताओं ने नगर में पाकिस्तानी झंडे की शव यात्रा निकाली।
यात्रा अग्रसेन मार्ग, लाजपतराय मार्केट, हलवाई अट्टा से होते हुए चौक बाजार में पहुंची। वहां कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए पाकिस्तानी झंडे को जलाया। विनोद कुमार बिन्नी, पवन गौतम, हरीश सिंघल, राकेश कांबोज, प्रेमचंद, उमेश नारंग, आदेश सैनी, वेदपाल सैनी आदि रहे।