शामली। जिला मुख्यालय पर सीएचसी शामली में स्थित रक्त संग्रह केंद्र का शासन से पुन: लाइसेंस जारी हो गया है। लाइसेंस जारी होने पर एक-दो दिन में मुजफ्फरनगर ब्लड बैंक से रक्त लाकर इसे चालू कर दिया जाएगा।
जिले में ब्लड बैंक न होने पर सीएचसी शामली में 2017 में रक्त संग्रह केंद्र (ब्लड स्टोरेज सेंटर) बनाया गया था। रक्त संग्रह केंद्र का लाइसेंस 31 दिसंबर 2019 तक जारी किया गया था। इसके बाद नवीनीकरण की प्रकिया में देरी होने पर डेढ़ माह पहले 30 जनवरी को इसका लाइसेंस निरस्त कर दिया गया था। इसके बाद से केंद्र बंद चल रहा है। इसके बाद से लाइसेंस के लिए पुन: आवेदन किया गया था। इसके लिए पिछले महीने ही प्रक्रिया पूरी कर लखनऊ भेज दी गई थी। शासन स्तर से ब्लड स्टोरेज केंद्र का नया लाइसेंस जारी हो गया है। यह लाइसेंस दो साल का 21 फरवरी 2023 तक के लिए जारी किया गया है। लाइसेंस जारी होने के बाद ब्लड स्टोरेज केंद्र एक-दो दिन में चालू हो जाएगा। इसे चालू करने के लिए मुजफ्फरनगर ब्लड बैंक से रक्त की यूनिट मंगाने की कार्रवाई शुरू हो गई है। जिला औषधि निरीक्षक संदीप कुमार ने बताया कि शामली में रक्त संग्रह केंद्र का दो साल का लाइसेंस जारी हो गया है।