शामली के कैराना में तलाक का मामला कोर्ट में विचाराधीन होने के बाद भी लड़के ने दूसरा निकाह कर लिया। विवाहिता का पिता कोतवाली पहुंचा और पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई। पुलिस ने जांच की तो पता चला कि लड़की के पिता ने पंचायत के बीच फैसला करके दहेज का सामान और रुपये वापस ले लिए थे।
बृहस्पतिवार को झिंझाना क्षेत्र के गांव अजीजपुर निवासी एक ग्रामीण कोतवाली पहुंचा। उसने पुलिस को कागज दिखाते हुए बताया कि उसकी पुत्री का निकाह ढाई साल पहले गांव बोढ़पुर थाना गंगोह निवासी युवक के साथ हुआ था।
पति-पत्नी के बीच विवाद के चलते कोर्ट में दोनों के बीच मुकदमा विचाराधीन है। जबकि आज उसका दामाद अपना निकाह दूसरी लड़की के साथ कराने के लिए बारात लेकर मंडावर आया हुआ है। कोर्ट में मुकदमा विचाराधीन होने के बावजूद दूसरा निकाह करना कानूनी अपराध है।
पुलिस गांव पहुंची। पूछताछ के बाद एएसआई योगेंद्र राणा ने बताया विवाहिता के पिता ने जिम्मेदार लोगों के बीच फैसला करते हुए दहेज का सामान और रुपये ले लिए थे। मामले में फैसला होने की जानकारी मिली है। पुलिस लौट आई।