शामली। बुढ़ाना रोड पर तेज गति से आ रहे सीमेंट से भरे दस टायरा ट्रक ने एक बाइक सवार को कुचल दिया। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और शव को अस्पताल में ले आई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
गांव मुंडेट निवासी 22 वर्षीय राहुल पुत्र गोधेराम शामली में माजरा रोड स्थित अनंत मेडिकल स्टोर पर नौकरी करता था। शुक्रवार को वह करीब साढ़े चार बजे किसी काम से बुढ़ाना रोड की ओर जा रहा था। जब वह मिल गेट पर पहुुंचा, तभी सीमेंट से भरे दस टायरा ट्रक से उसकी भिड़ंत हो गई। जिसमें ट्रक ने बाइक सवार राहुल को कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान बाइक के भी परखच्चे उड़ गए।
हादसे के बाद आरोपी चालक-परिचालक ट्रक छोड़कर फरार हो गए। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। जिस पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहुल के शव को कब्जे में लेकर अस्पताल में ले आई। राहुल की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रोते बिलखते परिजन अस्पताल पहुंचे। बाद में राहुल के जीजा सतीश ने मामले की तहरीर दी। वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक ने राहुल की बाइक में टक्कर मारी। जिसके बाद वह सड़क पर गिर पड़ा। इस दौरान ट्रक के पहिये के नीचे राहुल का सिर आ गया। यदि उसके पास हेलमेट होता, तो शायद वह बच सकता था।