चौसाना (शामली)। चौसाना क्षेत्र में गंगोह मार्ग पर ट्रक की टक्कर लगने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई जबकि उसका चचेरा भाई घायल हो गया। युवक बाइक पर खरबूजे लादकर चोसाना मंडी में बेचने आ रहा था। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया।
रविवार सुबह करीब साढ़े छह बजे जनपद की सीमा के निकट जनपद सहारनपुर के थाना गंगोह क्षेत्र के गांव कुंडा कला निवासी अकरम (18) चचेरे भाई इस्तकार (14)के साथ बाइक पर खरबूजे लादकर चौसाना मंडी में आ रहा था। जब वह चौसाना क्षेत्र में गंगोह रोड पर पहुंचा तो सामने से आ रहे ट्रक ने आगे चल रहे ट्रैक्टर को ओवरटेक किया तो बाइक से टकरा गया। इस दुर्घटना में बाइक सवार अकरम की मौके पर ही मौत हो गई जबकि इस्तकार घायल हो गया। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक को छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। मृतक के पिता इकराम ने ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस को ट्रक से करीब 18 हजार रुपये बरामद हुए।
बेटे का शव देख बिलख पड़ी मां
हादसे में युवक की मौत होने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। मृतक की मां ने जैसे ही बेटे का शव सड़क पर देखा तो पछाड़ खाकर सड़क पर गिर गई। परिवार के लोगों ने उसे किसी तरह संभाला। मृतक के छोटे भाई का भी रो-रोकर बुरा हाल बना रहा।