शामली के गांव मुंडेट आयोजित भाकियू की बैठक में बोलते जिला अध्यक्ष कालिंदर मलिक । संवाद
शामली। निर्माणाधीन दिल्ली-देहरादून हाईवे का भाजू गांव में कट निकालने की मांग को लेकर छह माह से धरना दे रहे भाकियू कार्यकर्ता अब 7 मार्च को कलक्ट्रेट में गरजेंगे। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के नेतृत्व में किसान भाजू में धरना स्थल से पैदल मार्च करके कलेक्ट्रेट पहुंचेंगे। यहां पर एक बड़ी सभा लेंगे जिसमें बड़ा निर्णय लेने की उम्मीद है। भाजू में कट की मांग को लेकर बेमियादी धरने को छह माह पूरे हो गए हैं, लेकिन कोई ठोस नजीता नहीं निकला। इसे लेकर भाकियू कार्यकर्ता भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के नेतृत्व में सात मार्च को भाजू कट से लेकर शामली कलक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकालेंगे। मुंडेट कलां गांव में जितेंद्र चिकारा के आवास पर भाकियू मंडल कार्यकर्ताओं की बैठक हुई।
इसकी अध्यक्षता थांबेदार चाैधरी श्याम सिंह ने की।
पैदल मार्च को सफल बनाने के लिए रुपरेखा तैयार की गई। भाकियू जिलाध्यक्ष कालेंद्र मलिक ने बताया कि सात मार्च को भाजू कट से सुबह दस बजे भाकियू कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए आदमपुर- कुड़ाना और सेहटा से बाईपास होते हुए कलक्ट्रेट पहुंचेंगे। कलक्ट्रेट में सभा होगी।
पैदल मार्च को सफल बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अधिक से अधिक किसानों से आने का आह्वान किया गया। बैठक में सरदार पाले सिंह, सरदार साहब सिंह, गौतम पंवार, डॉक्टर उदयवीर, विदेश मलिक, जयवीर मुखिया, उपेंद्र, ऋषिपाल लंबरदार, बिल्लू राणा, आकाश तोमर आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे। संचालन अजय खाटियान ने किया।