कल्याणकारी योजनाओं का वंचितों को मिले लाभ: सांसद
शामली। भाजपा के कैराना सांसद प्रदीप चौधरी ने कहा है कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर वंचित व्यक्ति तक पहुंचे। हाईवे के निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए। विकास के कार्य लंबित नहीं होने चाहिए।
विकास भवन सभागार में मंगलवार को सांसद की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक हुई। जिसमें सांसद ने सभी विभागों की विभागवार समीक्षा करते हुए लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति लाने के निर्देश दिए। सांसद ने निर्माण कार्यों को लेकर विशेष रुप से नेशनल हाईवे सहारनपुर के शेष कार्य को तेज गति से पूरा करने को कहा। रेलवे के अधिकारियों को अंडरपास में जलभराव की समस्या के चलते पानी निकासी की व्यवस्था के अलावा टीन शेड की रिक्वायरमेंट भेजते हुए समाधान करने के निर्देश दिए।
बैठक में सांसद ने कहा कि जनपद में सभी अधिकारी अच्छा कार्य कर रहे हैं। शासन की योजना का अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को लाभ मिले उसको लेकर और बेहतर तरीके से कार्य करने की जरूरत है। सीएमओ ने बैठक में बताया कि जनपद में 23 अगस्त 2021 से कोई कोरोना पॉजिटिव केस नहीं आया है। फिर भी प्रतिदिन 2500 सैंपलिंग हो रही हैं। इसके अलावा सात ऑक्सीजन प्लांट संचालित हो गए हैं। जनपद में 6 लाख 44 हजार 113 लोगों को कोविड-19 की डोज लग चुकी है। सीएमओ ने बताया कि कोविड-19 वैक्सीनेशन में जनपद का प्रदेश में 15वां स्थान एवं मंडल में प्रथम स्थान है। इसके अलावा डेंगू, मलेरिया से बचाव के लिए शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कार्रवाई की जा रही है।
सीएमओ ने बताया कि जसाला पीएचसी पर जल्द ही आरटी पीसीआर लैब की व्यवस्था भी होगी। सांसद ने बताया कि स्पोर्ट स्टेडियम के लिए भैंसवाल गांव में जगह चिह्नित कर ली गई है। विधायक तेजेंद्र निर्वाल ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना से वंचित लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड बनाया जाएं। अधिकारियों को कहा जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक वंचित गरीब को लाभ मिले यही सरकार की मंशा है।
डीएम जसजीत कौर ने सांसद और विधायक का आभार व्यक्त किया। बैठक में सीडीओ शंभू नाथ तिवारी, डीडीओ प्रमोद कुमार, प्रभागीय वन अधिकारी विनय कुमार, सीएमओ डॉ. संजय अग्रवाल, उपायुक्त स्वत: रोजगार शैलेन व्यास आदि अधिकारी मौजूद रहे।
शामली विकास भवन में आयोजित दिशा की बैठक में भाग लेते अधिकारी- फोटो : SHAMLI