शामली के स्टेट बैंक के एटीएम पर लगी लाइन और बैंक के बाहर लगा नोटिस।
- फोटो : अमर उजाला
शामली। विधानसभा चुनाव में बैंककर्मियों की मतदान कार्मिकों के रूप में ड्यूटी लगने के कारण अधिकांश बैंकों में ताले लटक गए हैं। इसके चलते बैंकों में पहुंचने वाले ग्राहक मजबूरी में सड़कों पर एटीएम ढूंढते फिर रहे हैं।
जिले में 110 बैंको की शाखाओं से 500 से अधिक कर्मचारियों की ड्यूटी चुनाव में लगी है। विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण का मतदान 11 फरवरी को संपन्न होगा। शनिवार को कलक्ट्रेट में माइक्रो-ओब्जर्वर, पीठासीन अधिकारियों एवं मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण होने के कारण जिले के स्टेट बैक आफ इंडिया, इंडियन बैंक, ओरियंटल बैक, इलाहाबाद बैंक, पंजाब नेशनल बैक समेत ज्यादातर बैंकों में ताले लटके रहे। बैंकों की ओर से सुबह इस बारे में नोटिस बोर्ड लगाया गया तो ग्राहक दंग रह गए।
पूरे दिन बैंकों से राशि जमा करने एवं निकालने के लिए लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बैंकों के बंद होने से वर्मा मार्किट, सदाराम मार्किट एक्सिस बैक, इंडियन ओवरसीज, स्टेट बैक आफ इंडिया के एटीएम में पैसा निकालने के लिए सुबह से लोगों की भीड़ लगी रही। इससे नागरिकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। लीड बैंक के जिला अग्रणी प्रबंधक हरपाल सिंह ने बताया कि विधानसभा चुनाव में जिले के ज्यादातर बैंक कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
शनिवार से लेकर आगामी शुक्रवार तक बैंकों में लेनदेन प्रभावित रहेगा। उन्होंने बताया कि वीवीइंटर कालेज में मतदान कार्मिकों का शनिवार, रविवार और सोमवार को मतदान के संबंध में प्रशिक्षण दिया जाएगा। उसके बाद व्यवस्था सुधरेगी।