गंगेरू में तालाब में बच्ची की मौत के बाद विलाप करते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
शामली के कांधला थाना क्षेत्र के गांव गंगेरू में एक बच्ची बरसाती पानी के तेज बहाव में बहकर तालाब में समा गई। इसमें डूबने से उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों की मदद से करीब पांच घंटे बाद उसका शव निकाला गया। परिजनों के साथ ग्रामीणों ने हंगामा किया। परिवार को लोहिया आवास और दैवीय आपदा के तहत मुआवजे का आश्वासन देने के बाद ग्रामीण शांत हुए।
गंगेरू निवासी साजिद अंसारी मोहल्ला तीवाला में अपने परिवार के साथ रहता है। तेज बारिश के चलते साजिद के मकान में पानी भर गया था। इसके चलते बृहस्पतिवार सुबह साजिद परिवार के सदस्यों के साथ गांव के दूसरे छोर पर स्थित भाई यूसुफ के मकान पर जाने लगा। रास्ते में साजिद की 10 वर्षीय पुत्री साईना पानी के तेज बहाव के साथ तालाब में समा गई। बाकी लोगों ने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण पहुंचे। बताया जाता है कि तहसील तक सूचना भिजवाई गई मगर उस समय कोई अधिकारी नहीं पहुंचा। इसके बाद ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर सपा छात्र सभा के जिलाध्यक्ष राशिद जंग मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से फोन पर वार्ता की। इसी दौरान ग्रामीणों की मदद से करीब पांच घंटे में बालिका का शव तालाब से निकाला गया। बच्ची का शव देखकर कोहराम मच गया और फिर हंगामा शुरू हो गया। हंगामे की जानकारी पर पहुंचे नायब तहसीलदार कामेंद्र गुप्ता के सामने ग्रामीण बच्ची की मौत पर परिवार को मुआवजा और दैवीय आपदा में मदद की मांग करने लगे। ग्रामीणों का गुस्सा देख नायब तहसीलदार ने जिलाधिकारी सुजीत कुमार से फोन पर वार्ता की और परिवार को लोहिया आवास और दैवीय आपदा के तहत मदद का आश्वासन दिया। तभी ग्रामीण शांत हुए। इसके बाद गमगीन माहौल में बच्ची को सुपुर्द ए खाक किया गया।