शामली में होता एआरटीओ कार्यालय का निर्माण कार्य
- फोटो : SHAMLI
एआरटीओ कार्यालय का निर्माण शुरू
शामली। 10.97 करोड़ की लागत से जिला मुख्यालय पर दो मंजिला सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय भवन का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। यह अगले डेढ़ साल में बनकर तैयार होगा। इसके लिए आवास विकास विभाग को नोडल एजेंसी बनाया गया है।
जिला मुख्यालय घोषित होने के बाद पिछले 10 सालों से शहर के एसटी तिराहे के पास किराए के भवन में एआरटीओ कार्यालय चल रहा है। जिसमें जगह कम होने की वजह से स्टाफ के साथ अपने काम के लिए आने वाले लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। जिला प्रशासन ने गोहरनी गांव के जंगल में शामली के सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय भवन के लिए 5500 वर्ग मीटर भूमि आरक्षित की थी। शासन ने सहायक निर्माण के लिए 10.97 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत करके प्रथम किश्त के रुप में दो करोड़ की धनराशि नोडल एजेंसी आवास विकास विभाग को अवमुक्त कर दी थी। 5500 वर्ग मीटर भूमि में प्रस्तावित दो मंजिला सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय भवन की चारदीवारी निर्माण शुरू हो गया है।
एआरटीओ मुंशीलाल ने बताया कि भवन में एआरआरओ प्रशासन, एआरटीओ प्रवर्तन, यात्री कर अधिकारी कार्यालय कक्ष, सहायक संभागीय निरीक्षक कार्यालय कक्ष, काउंटर कक्ष का निर्माण होगा। उत्तर प्रदेश शासन से नामित की गई नोडल एजेंसी आवास विकास को एआरटीओ कार्यालय निर्माण के लिए प्रथम किश्त के रुप में दो करोड़ रुपये की धनराशि विभाग द्वारा अवमुुक्त कर दी गई है। निर्माण एजेंसी ने चिह्नित की गई भूमि में एआरटीओ कार्यालय के चारदीवारी का निर्माण शुरू कर दिया है। आवास विभाग विभाग के अवर अभियंता नवरतन सिंह ने बताया कि एआरटीओ कार्यालय भवन का निर्माण अगले डेढ़ साल में पूरा होगा।