कैराना में अंकित तोमर की दुसरी पुन्य तिथि पर शहीद अंकित पार्क का लोकापर्ण करते एसपी विनीत जयासवा?
- फोटो : SHAMLI
शहीद सिपाही की पुण्यतिथि पर अंकित तोमर पार्क का लोकार्पण
कैराना। दो साल पहले गांव जंधेड़ी में कुख्यात मुकीम काला के शार्प शूटर साबिर को मुठभेड़ में ढेर कर शहीद होने वाले जांबाज सिपाही अंकित तोमर की दूसरी पुण्यतिथि पर कोतवाली में भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान एसपी ने शहीद अंकित तोमर पार्क को लोकार्पण किया।
सिपाही अंकित तोमर दो जनवरी 2018 को गांव जंधेड़ी में कुख्यात मुकीम काला गिरोह के शॉर्प शूटर साबिर के साथ हुई मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हो गए थे। दो दिन बाद नोएडा अस्पताल में उपचार के दौरान उनका निधन हो गया था। इस मुठभेड़ में साबिर मारा गया था। शनिवार को कोतवाली में शहीद सिपाही अंकित की दूसरी पुण्यतिथि पर कोतवाली में धर्मगुरुओं और गण्यमान्य लोगों ने भावभीनी श्रद्धांजलि दी। एसपी विनीत जायसवाल व शहीद अंकित के पिता जयपाल तोमर ने पार्क का लोकार्पण किया। पार्क में स्थापित पट पर शहीद अंकित का जीवन परिचय लिखा गया है। इसके बाद आयोजित कार्यक्रम में शहीद अंकित को श्रद्धांजलि दी गई। उस समय मुठभेड़ में घायल हुए तत्कालीन कोतवाल भगवत सिंह ने कहा कि अंकित इतना जांबाज था कि खतरे के समय भी चार कदम आगे चलता था। जामा मस्जिद के शाही इमाम मौलाना ताहिर ने अंकित की शहादत पर खिजारे अकीदत पेश करते हुए कहा कि कैराना कभी भी अंकित की शहादत को नहीं भूल पाएगा। भाजपा के क्षेत्रीय किसान मोर्चा के उपाध्यक्ष अनिल चौहान ने कहा कि कैराना हमेशा शहीद अंकित तोमर का ऋणी रहेगा। स्वामी जयस्वरूप महाराज ने कहा कि मानवता की रक्षा के लिए जो महान आत्मा अपना बलिदान देती है उनकी मृत्यु यश में परिवर्तित होकर पुण्य तिथि बन जाती है। नगर पालिका चेयरमैन हाजी अनवर हसन ने कहा कि जो कुर्बानी अंकित ने हमारे लिए दी थी, उसे कैराना हमेशा याद रखेगा।
शहीद के पिता जयपाल तोमर ने कहा कि अंकित बचपन से ही तेज था तथा वह डरता नहीं था। पिता होने के नाते वह अंकित को रोकता था. तो अंकित कहता था कि पुलिस की ड्यूटी करनी है। ऐसा काम कर जाऊंगा कि दुनिया याद रखेगी। बेटे की शहादत गर्व की बात है। एसपी विनीत जायसवाल ने शहीद के पिता जयपाल तोमर को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया। उन्होंने कहा कि कोतवाली में शहीद की याद में बनवाया गया पार्क आने वाले जवानों को प्रेरणा देता रहेगा कि पुलिस को कठिन परिस्थितियों में भी ड्यूटी देनी पड़ती है। इसके बाद. एसपी और शहीद के पिता जयपाल तोमर ने सैनिक मेस का उद्घाटन किया।
कैराना में शहीद अंकित तोमर के पिता जयपाल सिंह तोमर को मोमन्टो भेट करते एसपी- फोटो : SHAMLI
कैराना शहीद अंकित तोमर की दुसरी पुन्य तिथि पर कोतवाली में आयोजित शहीद दिवस पर आयोजित कार्यक्रम म- फोटो : SHAMLI