हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड में वांछित एक लाख रुपये के इनामी सत्यम कादियान के नाम से बनाई गई आईडी से फिर धमकी दी गई है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में शाम पांच बजे तक हत्याकांड को अंजाम देने की बात कही गई है। पुलिस ने इसकी जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूर्व में इनामी शूटर सत्यम के नाम से बनाए गए 15 फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट को बंद करा चुकी है।
अंकित बालियान हत्याकांड के बाद सोशल मीडिया पर धमकी भरे वीडियो लगातार वायरल हो रहे हैं। इनामी सत्यम औरा भोलू शाहपुर व अन्य नामों से फर्जी आईडी बनाकर वीडियो वायरल करने के मामले में साइबर क्राइम थाने पर चार दिन पहले दो प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी हैं। अंकित की हत्या में वांछित एक लाख रुपये के इनामी सत्यम के नाम से सबसे ज्यादा फर्जी आईडी बनाकर वीडियो वायरल की जा रही है।
पुलिस सत्यम के नाम से बनाए गए 15 फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बंद करा चुकी है। इसके बाद भी इंस्टाग्राम पर धमकी भरे वीडियो वायरल हो रहे हैं। अब फिर सत्यम के नाम से बनी आईडी से धमकी का एक और वीडियो वायरल हुआ है। वायरल वीडियो में सत्यम की फोटो लगाई गई है और बैक में गाना लगाकर शाम पांच बजे तक हत्याकांड को अंजाम देने की धमकी दी गई है। रील पर लिखा है कि अभी दो मर्डर और होंगे। मर्डर किसके करने की बात कही है, यह नहीं बताया गया है। वीडियो वायरल होने पर पुलिस जांच में जुट गई है।
पुलिस सत्यम के नाम से फर्जी आईडी बनाकर वीडियो वायरल होना मान रही है। साथ ही पुलिस ने फर्जी आईडी बनाने व हत्या करने की धमकी देने का वीडियो वायरल करने वाले की पहचान व तलाश शुरू कर दी है। एएसपी सुमित शुक्ला का कहना है कि सत्यम के नाम से फर्जी आईडी बनाकर वीडियो वायरल की गई है, जिसकी जांच की जा रही है।