शामली। आईसीएसई कक्षा 10वीं और 12वीं का रिजल्ट घोषित हो गया है। कक्षा 10 में कीर्ति पंवार ने 96 प्रतिशत अंक के साथ प्रथम, विनीत जैन ने 95.66 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय, राहुल सेठ ने 95.33 के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया है।
वहीं, कक्षा 12 में अमन मलिक ने 93.6 प्रतिशत के साथ प्रथम, वृतिका मलिक ने 92.8 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय और राशि मलिक ने 89.6 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया है।
जनपद में आईसीएसई से संबद्ध एक मात्र कॉलेज सेंट फ्रांसिस स्कूल है। आईसीएसई का रिजल्ट सोमवार दोपहर तीन बजे घोषित किया गया। जिसके बाद सभी छात्र-छात्राएं रिजल्ट देखने के लिए स्कूल की ओर दौड़ पडे़। नोटिस बोर्ड पर चस्पा रिजल्ट देखने के लिए छात्र-छात्राओं में आपाधापी मच गई। रिजल्ट देखकर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर आने वाले सभी छात्र-छात्राएं खुशी से झूम उठे।
बच्चों ने अपने अभिभावकों को फोन पर रिजल्ट की जानकारी दी। छात्र-छात्राओं ने स्कूल में ही एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया। आईसीएसई 10वीं और 12वीं के रिजल्ट में टॉप टेन सूची में लड़के लड़कियों से आगे रहे।
हाईस्कूल में टॉप टेन की सूची में तीन छात्राएं और इंटर की टॉप टेन की सूची में चार छात्राएं रहीं। कक्षा 10 में कीर्ति और कक्षा 12 में अमन मलिक प्रथम स्थान प्राप्त कर टॉपर रहे। मेधावी बच्चों को फादर बिजू टोर और शिक्षकों ने मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं।