हत्यारोपी के बचाव में नियुक्त नहीं किया वकील
कैराना। शामली की पंजाबी कालोनी में भजन गायक अजय पाठक की परिवार सहित हत्या करने के आरोपी हिमांशु की मां ने अपने बेटे के बचाव में अभी तक कोई अधिवक्ता नियुक्त नहीं किया। उधर, हत्यारोपी हिमांशु के घर पर जाने से ग्रामीण कतरा रहे हैं।
पाठक परिवार की हत्या के मामले में कैराना क्षेत्र के गांव झाड़खेड़ी निवासी हिमांशु सैनी को गिरफ्तार किया गया है। शनिवार को गांव झाड़खेड़ी में हिमांशु की मां जगवती ने बताया कि उन्होंने अभी तक कोई वकील नहीं किया। उनके बेटे पर इतना जघन्य कांड करने का आरोप है, जिसके चलते उन्हें कुछ समझ नहीं आ रहा। आरोपी के भाई शैंकी ने बताया कि एक-दो दिन बाद बुढ़ाना से उसके जीजा आएंगे, जिससे बाद ही वकील के बारे में सोचा जाएगा।
उधर, आरोपी की पत्नी वर्षा का कहना है कि उसका पति अक्सर जागरण के सिलसिले में रात में घर से बाहर रहता था। वह कभी किसी से लड़ाई झगड़ा नहीं करता था। पता नहीं कि उसने इतना बुरा काम कैसे और क्यों किया। इसके अलावा गांव के लोगों ने आरोपी के घर आना-जाना बंद कर दिया है। कुछ लोग तो पुलिस के डर के कारण नहीं जा रहे है। जबकि कुछ ग्रामीण हिमांशु के द्वारा किए गए जघन्य हत्याकांड के कारण नफरत करने लगे हैं। ग्राम प्रधान प्रमोद का कहना है कि हिमांशु ने बहुत बुरा काम किया है।