शामली के काकानगर में आदित्य प्रताप आर्य को सीडीएस परीक्षा उत्तीर्ण करने पर मिठाई खिलाते माता-पि?
- फोटो : SHAMLI
शामली। शहर के काका नगर निवासी आदित्य प्रताप आर्य ने यूपीएससी की सीडीएस-2021 की परीक्षा में 71वीं रैंक हासिल की है। बंगलुरू में 27 मार्च से लेकर 31 मार्च तक हुए साक्षात्कार का परिणाम घोषित हो गया है। आदित्य प्रताप की लेफ्टिनेंट पद के लिए अगले माह जुलाई में डेढ़ साल की ट्रेनिंग इंडियन मिलिट्री एकडेमी देहरादून में होगी।
आदित्य प्रताप आर्य के पिता अशोक कुमार आर्य एलआईसी कैराना के शाखा प्रबंधक हैं। वह आर्य समाज समेत कई संस्थाओं से जुड़े है। पिता अशोक कुमार आर्य ने बताया कि आदित्य प्रताप आर्य ने कक्षा दस तक हरियाणा के कुरुक्षेत्र गुरुकुल से शिक्षा प्राप्त करके 91.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। कक्षा दस लेकर बारहवीं तक करनाल एसडी पब्लिक स्कूल में 89.4 प्रतिशत अंक लेकर सफलता पाई। ग्रेजुएशन पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ से बीएससी करके मौजूदा समय में एमएससी गणित से कर रहा है। दो बार आईआईटी की परीक्षा दे चुका है। आर्मी में अफसर बनना उनका सपना रहा है। आदित्यप्रताप आर्य के साथ 81 अभ्यर्थियों ने गत 27 मार्च से लेकर 31मार्च तक बंगलुरू में साक्षात्कार दिया था। तीन जून 2022 को परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया। आदित्य प्रताप आर्य ने 71वी रैंक पाई है। आदित्य प्रताप आर्य के पिता अशोक कुमार आर्य, मां मिथलेश, दो बहनें अपेक्षा और रितिका आर्य में खुशी की लहर है। आदित्य प्रताप ने अपनी कामयाबी का श्रेय माता-पिता दिया है।