कैराना। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। एसडीएम ने चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए तहसील क्षेत्र के तमाम थानाध्यक्षों को पत्र लिखे हैं। उन्होंने चुनाव में खलल डालने वाले शरारती तत्वों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध मुचलकाें की निरोधात्मक कार्रवाई हेतु 13 मार्च तक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
उपजिलाधिकारी डॉ. अमित पाल शर्मा ने लोकसभा सामान्य निर्वाचन को दृष्टिगत रखते हुए तहसील क्षेत्र के कैराना, कांधला और झिंझाना थानाध्यक्षों को पत्र लिखे हैं। पत्र के मुताबिक, थानाध्यक्षों को प्रत्येक गांव के ग्राम प्रहरी से संपर्क कर शरारती तत्व को चिह्नित कर उनकी गोपनीय रिपोर्ट बनानी होगी, जिनसे चुनाव के दौरान शांतिभंग का अंदेशा है। ऐसे शरारती तत्वों के विरुद्ध सीआरपीसी की धारा 107/116 के तहत निरोधात्मक मुचलकों की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए थानाध्यक्षों को आगामी 13 मार्च तक उपजिलाधिकारी न्यायालय में चालान रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। इनके अलावा एसडीएम ने तहसीलदार को भी पत्र लिखकर उन्हें चुनाव के दौरान गड़बड़ी फैलाने वाले शरारतियों की सूची मांगी है।