आज यमुना के तट पर स्नान करेंगे श्रद्धालु
कैराना। यमुना तट पर आज लगने वाले कार्तिक पूर्णिमा स्नान के मेले की पुलिस प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। पुलिस के साथ गोताखोरों की व्यवस्था भी प्रशासन ने की है। लेखपालों की टीम भी मौजूद रहेगी।
शुक्रवार कार्तिक पूर्णिमा पर यमुना नदी में हजारों श्रद्धालु स्नान करेंगे। श्रद्धालुओं की आने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है। बृहस्पतिवार से ही यमुना तट किनारे प्रसाद व बच्चों के खिलौनों की दुकानें व झूले लगने शुरू हो गए। वहीं, कार्तिक पूर्णिमा पर यमुना नदी में हजारों की संख्या में श्रद्धालु स्नान को आते हैं। आधी रात के बाद से ही यहां तांता लग जाता है। अफसरों का अनुमान है कि 50 हजार से अधिक श्रद्धालु यहां स्नान को पहुंचेंगे। ऐसे में पुलिस प्रशासन ने भी यहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। कोतवाली प्रभारी भगवत सिंह ने बताया कि मेले के दौरान पर्याप्त पुलिस बल लगाया गया है। कुछ महिला और पुरुष पुलिस कर्मी सार्दी वर्दी में भी वहां तैनात रहेंगे और अराजक तत्वों पर नजर रखेंगे। एसडीएम अमित पाल ने बताया कि यमुना नदी में हादसे रोकने को आठ गोताखोरों की व्यवस्था की गई है, जो मेले के दौरान वहीं रहेंगे। हलका लेखपालों की टीम भी यमुना नदी पर तैनात की गई है।
पालिका ने चलाया सफाई अभियान
कैराना। बृहस्पतिवार को नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों ने यमुना पुल पर सफाई अभियान चलाया। लोगों से भी अनुुरोध किया गया कि वे यमुना तट पर गंदगी ना डालें और यमुना की स्वच्छता का ध्यान रखें।