शिवरात्रि पर सुरक्षा व्यवस्था चौकस
शामली।
श्रावण मास की चतुर्दशी पर शिवरात्रि के पर्व को हर्षोल्लास से मनाया जाता है और जलाभिषेक किया जाता है। इसलिए शहर से लेकर देहात तक शिव मंदिरों की भव्य सजावट कर दी गई है। वहीं, पुलिस ने भी शिवरात्रि पर जलाभिषेक के दौरान मंदिरों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
शामली शहर में कैराना रोड स्थित बाबा गुलजारी वाला सिद्धपीठ महादेव मंदिर, माजरा रोड स्थित सिद्धपीठ भाकूवाला शिव मंदिर, सुभाष चौक स्थित प्राचीन शिव मंदिर, मेरठ-करनाल रोड स्थित बलभद्र मंदिर, मोहल्ला रेलपार स्थित प्राचीन सदाशिव मंदिर में जलाभिषेक को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रहती है। इन सभी मंदिरों पर भव्य सजावट कर दी गई। बुधवार रात में तमाम मंदिर इलेक्ट्रिक रंगीन झालरों की रोशनी में जगमग रहे। उधर, सहायक पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि शिवालयों में कांवड़ियों के साथ ही अन्य श्रद्धालुओं की भीड़ जलाभिषेक के लिए पहुंचती है। इसीलिए सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि अपने क्षेत्र में आने वाले शिव मंदिरों पर सुरक्षा चाक चौबंद रहेगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक शिव मंदिर पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। नागरिकों से भी अपील है कि जलाभिषेक के दौरान व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। यदि कोई शरारती तत्व किसी प्रकार की हरकत करे, तो उसके बारे में तत्काल पुलिस को सूचना दें। ताकि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।