राजनीति के अखाड़े में उतरने से पहले चुनावी महारथी अपनी किस्मत के सितारों की गणना भी करा रहे हैं। प्रत्याशी ज्योतिषियों से समय और दिन पूछ कर नामांकन करना चाहते हैं। पंडित भी नेताओं को उनकी राशि के हिसाब से नामांकन के लिए शुभ मुहूर्त बता रहे हैं।
29 अक्तूबर से नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। उसके लिए संभावित प्रत्याशी नामांकन पत्र तो खरीदने पहुंच रहे हैं, लेकिन अभी तक सिर्फ एक नामांकन पत्र ही जमा कराया जा सका है। नामांकन प्रक्रिया छह नवंबर तक चलेगी। मंदिर हनुमानधाम के पंडित प्रभुशंकर शास्त्री ने बताया कि कई प्रत्याशी नामांकन पत्र जमा कराने के लिए शुभ मुहूर्त निकलवाने आ चुके हैं। प्रत्याशियों को उनकी राशि के हिसाब से चंद्र फल के मुताबिक समय बताया जा रहा है। राहु काल और यम घंटा काल में नामांकन नहीं करना है। शुभ मुहूर्त में दो नवंबर दिन बृहस्पतिवार त्रयोदशी तिथि तथा चार नवंबर दिन शनिवार पूर्णिमा तिथि बन रही है। त्रयोदशी को शुभ कार्य के लिए माना गया है तथा पूर्णिमा को शनिवार के दिन भी विजय प्राप्त करने के लिए लाभकारी है। वहीं, पंडित प्रेमकिशोर कोठारी ने बताया कि प्रत्याशियों की अलग अलग राशि के हिसाब से नामांकन का शुभ मुहूर्त बताया जा रहा है। उनके पास कई प्रत्याशी नामांकन के लिए मुहूर्त पूछ चुके हैं। रोजाना ही प्रत्याशी शुभ मुहूर्त निकलवाने के लिए पहुंच रहे हैं।