रिफ्लेक्टर लगाने के नाम पर वसूली
झिंझाना। करनाल हाइवे स्थित गांव अहमदगढ़ में वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाने के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। कुछ युवक डंडे के दम पर वाहनों को रोकते हैं। प्रत्येक वाहन से 200 से 300 रुपये की वसूली की जा रही है। वसूली का यह कार्य अहमदगढ़ पुलिस चौकी से महज 100 मीटर की दूरी पर चल रहा है। कुछ वाहन चालकों ने अहमदगढ़ चौकी पुलिस से भी शिकायत की, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उधर, आसपास के ग्रामीणों का कहना है कि पूरी रात सड़क पर जाम की स्थिति बनी रहती है। इस संबंध में थाना प्रभारी भगवत सिंह का कहना है कि यह मामला उनकी जानकारी में नहीं है। जांच कराई जाएगी।
संपत्ति के विवाद पर मारपीट
झिंझाना। कस्बा झिंझाना में संपत्ति के बंटवारे को लेकर दो भाइयों में मारपीट हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक पक्ष से पिता पुत्र को पकड़ लिया और थाने ले आई। बाद में गण्यमान्य लोगों द्वारा दोनों पक्षों में समझौता करा दिया, जिसके चलते पुलि ने पिता पुत्र को भी छोड़ दिया। थाना प्रभारी भगवत सिंह ने बताया कि दोनो भाइयों के विवाद में समझौता हो गया। उधर, गांव टपराना में मोबाइल फोन को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों पक्षों से सचिन और गौरव को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
प्रधानाचार्य को सम्मानित किया
झिंझाना। शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में सत्यम फाउंडेशन की ओर से झिंझाना स्थित राष्ट्रीय शिक्षा सदन इंटर कालेज के प्रधानाचार्य प्रवीण कुमार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान कॉलेज प्रबंधक शैलेंद्र मित्तल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।