शामली। श्रीदुर्गा नवरात्र महोत्सव में रविवार को अष्टमी-नवमी एक हो जाने के साथ मां महागौरी-सिद्धदात्री की विशेष पूजा-अर्चना और अनुुष्ठान के साथ व्रत का पारायण हो जाएगा। सातवें दिन मां दुर्गा के सातवें स्वरुप मां काल रात्रि की विशेष पूजा-अर्चना के साथ घरों-मंदिरों में जयकारे गूंज उठे।
शनिवार को श्रीदुर्गा नवरात्र महोत्सव में शहर के श्री हनुमानधाम, गौशाला रोड मां सती मंदिर, राजो मोहल्ला मां चौदस वाला मंदिर, टंकी रोड स्थित माता वैष्णो देवी-भैरव मंदिर, मां शाकंभरी देवी मंदिर, मोहल्ला रेलपार स्थित मां दुर्गा मंदिर, पुुरानी सब्जी मंडी व करनाल रोड स्थित मां शाकंभरी देवी मंदिर, माजरा रोड स्थित भाकूवाला मंदिर, बुढ़ाना रोड स्थित बलभद्र मंदिर, कैराना रोड स्थित गुलजारी वाला मंदिर, नवीन मंडी स्थल मां दुर्गा -शिव मंदिर, मोहल्ला बरखंडी महादेव मंदिर, सदाशिव मंदिरों में देवी मंडप में सातवें दिन मां कालरात्रि की पूजा-अर्चना की गई। सुबह-शाम मां दुर्गा के मंदिरों में मां के जयकारे गूंज उठे। इस मौके पर मां दुर्गा की स्तुति-स्त्रोत, श्री दुर्गा सतशत सप्तमी पाठ आयोजन किया गया।
दोपहर दो बजे शहर के श्री हनुमान धाम पर श्रद्धालु महिलाओं ने मां की चौकी सजाकर भजन-कीर्तन करके गुणगान किया। पंडित कुशलानंद जोशी ने बताया कि रविवार को श्री दुर्गाष्टमी-नवमी तिथि होने से श्रीदुर्गा नवरात्र व्रतों का परायण हो जाएगा। इस मौके पर पुरानी सब्जी मंडी में मां शाकंभरी देवी मंदिर में मेले के आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर दुकानें लगाई जाएंगी। श्री हनुमान धाम पर 42वां राम नवमी उत्सव के उपलक्ष्य में सुबह सात बजे से लेकर 9.30 बजे तक श्रीरामायण शोभायात्रा शहर में निकाली जाएगी। दोपहर 12 बजे आरती और भंडारा में प्रसाद वितरण किया जाएगा।