इस बार यूपी बोर्ड परीक्षा में बिना आधार कार्ड के किसी भी छात्र-छात्राओं को परीक्षा में नहीं बैठने दिया जाएगा। वहीं, प्रयोगात्मक परीक्षाओं की तिथि भी घोषित कर दी गई है। जिला विद्यालय ने सभी प्रधानाचार्यों को सभी छात्र छात्राओं के आधार कार्ड और प्रयोगात्मक फाइल समय पर तैयार कराने के निर्देश दिए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक एसएम सिद्दीकी ने बताया कि हाईस्कूल और इंटर की वर्ष 2018 में होने वाली यूपी बोर्ड परीक्षा का कार्यक्रम तय होने के बाद बोर्ड ने मंगलवार को जनपद में बने 33 परीक्षा केंद्रों की सूची परिषद की वेबसाइट पर डाल दी, जिसके बाद सभी परीक्षा केंद्रों की सूची कार्यालय के बाहर परीक्षार्थियों की संख्या के आधार पर कॉलेज कोड व सीटों की क्षमता सहित चस्पा कर दी गई है। सभी कॉलेज सूची कार्यालय पहुंचकर देख सकते हैं। उन्होंने बताया कि बोर्ड ने परीक्षा के लिए सख्त निर्देश दिए हैं कि इस बार बोर्ड परीक्षा में किसी भी छात्र-छात्रा को आधार कार्ड के बिना बैठने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने जनपद के सभी 94 कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को बोर्ड परीक्षार्थियों के आधार कार्ड परीक्षा से पहले हर हाल में बनवाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि अगर किसी भी कॉलेज का छात्र छात्रा परीक्षा से वंचित रहता है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी कॉलेज प्रधानाचार्य की होगी। उन्होंने बताया कि इस बार प्रयोगात्मक परीक्षा भी बोर्ड ने दो चरणों में आयोजित की है। सहारनपुर मंडल व आगरा मंडल को पहले चरण में रखा गया है। उन्होंने बताया कि दोनों मंडलों में आने वाले सभी जिलों में इंटर की प्रयोगात्मक परीक्षाएं 15 दिसंबर से प्रारंभ होकर 29 दिसंबर के बीच होगी। हाईस्कूल की प्रयोगात्मक परीक्षा आंतरिक मूल्यांकन व इंटर के नैतिक खेल एवं शारीरिक शिक्षा के प्राप्तांक अंक सभी प्रधानाचार्य 15 दिसंबर से खुलने वाली परिषद की वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड करेंगे।