कथित तांत्रिक के कब्जे से पत्नी को छुड़ाने की गुहार
थानाभवन।
उपचार करने के बहाने महिला को कथित तांत्रिक ने दो साल पूर्व अपने साथ ले गया। पति ने अपनी पत्नी के बारे में पूछा, तो उसकी पिटाई कर दी गई। पति ने थानाभवन थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
थानाभवन के गांव मनट मंटी निवासी बबलू पुत्र मुख्त्यारा ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उसकी पत्नी काफी समय से बीमार चल रही है। इसके चलते वह अपनी पत्नी को कैराना के गांव एरटी में झाड़ फूंक करने वाले के पास ले गया था। उपचार के बहाने उसने घर पर आना जाना शुरू कर दिया। जिसके बाद बेटी की शादी करने के नाम पर उससे 30 हजार रुपये उधार ले लिए। कई बार मांगने के बावजूद रुपये नहीं लौटाए।
आरोप है कि दो वर्ष पूर्व उसकी पत्नी को उपचार के बहाने आरोपी अपने साथ ले गया तथा घर में रखी ज्वेलरी और नकदी भी ले गया था। तब से उसकी पत्नी का कुछ पता नहीं चल रहा है। वह आरोपी के पास अपनी पत्नी के बारे में पूछने गया, तो वह बार बार कहता रहा कि उपचार कराने के लिए बाहर भेजी हुई है। लंबा समय बीतने के बाद भी जब उसकी पत्नी नहीं लौटी। दो दिन पूर्व ही उसने ऐरटी गांव पहुंचकर विरोध किया, तो आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी पिटाई कर दी और गांव से भगा दिया।