जिलेभर में जगह-जगह शालिग्राम और तुलसी विवाह का आयोजन किया गया। तुलसी विवाह के बाद मांगलिक कार्य शुरू हो गए हैं। विवाह मंडपों में शादी- विवाह में शहनाई गूंजी। जगह-जगह बैंडबाजा व बारात की धूम रही।
मंगलवार को दो बजे शहर के भाकूवाला शिव मंदिर में पंडित सुरेश कटियाल व पंडित कमलकांत पांडे द्वारा भगवान शालिग्राम का पूजन कराया गया। हवन -यज्ञ में उपस्थित श्रद्धालुओं ने़आहुति डाली। ़शालिग्राम और तुलसी विवाह संपन्न कराने के बाद श्रद्धालु महिलाओं द्वारा तुलसी जी को वस्त्र कन्यादान के रूप में भेंट किए। मुख्य यजमान के रूप मे मुकेश तावड़ा, पवन तावड़ा राजेश मौजूद रहे। इसके बाद, शालिग्राम व तुलसी की भव्य शोभायात्रा मंदिर भाकूवाला से शुरू होकर शहर के माजरा रोड से शुरु होकर भिक्कीमोड़, धीमानपुरा फाटक से टंकी रोड होते हुए मंदिर परिसर में समाप्त हुई। शोभायात्रा में सुनील शर्मा, महावीर अग्रवाल, पुष्पा शर्मा, विमला देवी, मुनेश, कविता, मधुर, संगीता, सुशील आदि मौजूद रहे। शहर के रेलवे रोड़ स्थित श्री सत्यनारायण मंदिर मे तुलसी-शालिग्राम विवाह का आयोजन किया गया। शहर की श्रद्धालु महिलाएं मौजूद रही। शालिग्राम-तुलसी विवाह के बाद शहर में दिन और रात में विवाह मंडपों में शादी- विवाहों में शहनाइयां गूंजी। बैंड-बाजा और बारात की जगह जगह धूम मची रही।