महंगा हुआ सोना तो कारोबार होगा प्रभावित
शामली(शामली)। जीएसटी (वस्तु एवं सेवा कर) को लेकर हर ट्रेड के व्यापारी आशंकित हैं। वहीं सोने पर लगने वाले दो प्रतिशत जीएसटी से सराफा व्यापारियों में भी बेचैनी है। जीएसटी लागू होने के बाद यदि सोना महंगा हुआ, तो कारोबार भी प्रभावित होगा, जिसको लेकर अभी से सराफा व्यापारी परेशान हैं।
सराफा व्यापारियों को इस बात की चिंता सता रही है कि यदि सोना महंगा हुआ, तो उससे कारोबार पर पड़ने वाले प्रभाव के कारण बिक्री घट जाएगी। अभी तक सोने पर एक प्रतिशत वैट और एक करोड़ से ज्यादा के टर्न ओवर पर एक प्रतिशत एक्साइज ड्यूटी लगती थी। शामली जिले में एक करोड़ से ऊपर टर्न ओवर वाले सराफा व्यापारी नहीं है, जिसके चलते एक प्रतिशत वैट ही दिया जा रहा है। यदि जीएसटी में दो प्रतिशत टैक्स देना पड़ा, तो उससे काफी प्रभाव पड़ेगा। इसके अलावा सराफा व्यापारियों के पास स्टाक में मौजूद सोने चांदी को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही है, जिससे व्यापारियों की परेशानी बढ़ी हुई है।
देश की अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा प्रभाव
सराफा व्यापारी मुकेश वर्मा, रवि संगल, विकास चौधरी, विकास जिंदल और सुशील मित्तल का कहना है कि एक प्रतिशत एक्साइज ड्यूटी बढ़ाकर ही केंद्र सरकार ने सराफा व्यापारियों की कमर तोड़ दी थी। अब जीएसटी के रूप में नई चुनौती सामने आ गई है। उनका कहना है कि सरकार जीएसटी लागू कर रही है, लेकिन व्यापारियों का हित भी ध्यान में रखना चाहिए। यदि कारोबार प्रभावित होगा, तो देश की अर्थव्यवस्था पर भी प्रभाव पड़ेगा।
कॉमन सर्विस सेंटर संचालकों को किया जागरूक
शामली। जीएसटी प्रणाली एक जुलाई से लागू होगी, जिसके लिए वाणिज्यकर विभाग और प्रशासन ने कॉमन सर्विस सेंटर संचालकों को भी जागरूक किया। जीएसटी प्रणाली को सरलीकरण से व्यापारियों को समझाने के साथ ही जीएसटी के पोर्टल पर खरीद और बिक्री का ब्योरा ऑनलाइन दर्ज कराने में किसी तरह की दिक्कत सामने न आ सके। इस सिलसिले में बुधवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में कॉमन सर्विस सेंटर के संचालकों के साथ वाणिज्यकर विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों की मीटिंग हुई। जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि डिजिटल सेवा केंद्र ही जीएसटी सुविधा केंद्र की तरह कार्य करें। जो व्यापारी 20 लाख से ज्यादा का टर्नओवर करते हैं, उन्हें जीएसटी का भुगतान कराने, जीएसटी के तहत रजिस्ट्रेशन कराए जाने की वकालत की। वाणिज्यकर विभाग के डिप्टी कमिश्नर एके दोहरे ने बताया कि जीएसटी से जुड़ना बेहद सरल है, क्योंकि उससे संबंधित पूर्ण जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध है। इस दौरान वाणिज्यकर अधिकारी अरविंद कुमार, एसपी मलिक, रवि कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी ओमहरि उपाध्याय, कॉमन सर्विस सेंटर की जिला प्रबंधक आंचल संगल, तान्या संगल, नरेश कुमार, सद्दाम मिर्जा, तालिब खान, विकास, प्रदीप, सुनील, अजय कुमार सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।