कैराना। शत्रु संपत्ति पर कब्जा करने वाले भू-माफिया की अब खैर नहीं होगी। इसके लिए प्रशासन ने कार्ययोजना बनाई है। प्रशासन ने तहसील क्षेत्र में शत्रु संपत्ति पर कब्जे की जांच के लिए चार सदस्यीय टीम का गठन किया है। टीम को एक सप्ताह के भीतर भूमि की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
क्षेत्र में खुरगान रोड, भूरा रोड, आर्यपुरी देहात, तितरवाड़ा आदि स्थानों पर शत्रु संपत्ति है। जहां पर भू-माफिया द्वारा निरंतर कब्जे की शिकायतें प्रशासन को मिल रही थीं। कुछ स्थानों पर माफिया ने अवैध रूप से कब्जा कर खेती शुरू कर दी है, तो वहीं कुछ जगह निर्माण की भी शिकायतें सामने आई हैं। इसी को मद्देनजर रखते हुए तहसील प्रशासन ने कार्ययोजना तैयार कर ली है। पहले भूमि की जांच होगी और यदि कब्जा पाया जाता है, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ दंडनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। तहसीलदार रनबीर सिंह ने बताया कि केंद्र सरकार की नई नीति के अनुसार शत्रु संपत्ति की जांच हेतु कानूनगो के नेतृत्व में चार सदस्यीय टीम गठित की गई है, जिसमें तीन लेखपाल शामिल हैं। इसके अलावा हल्का लेखपाल को भी टीम का सहयोग करने का निर्देश दिए गए हैं। टीम को निर्देशित किया गया है कि वह जहां कहीं शत्रु संपत्ति हैं, उनकी जांच कर एक सप्ताह में रिपोर्ट पेश करना सुनिश्चित करें। शत्रु भूमि पर कब्जा कर अवैध निर्माण करने वालों को नोटिस दिया जाएगा और उनके विरुद्ध कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। शत्रु संपत्ति को जल्द ही कब्जामुक्त कराकर उसकी नीलामी प्रक्रिया होगी।