बेहतर भविष्य के लिए पर्यावरण संरक्षण का लें संकल्प - डीएम
शामली। जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि जल की बर्बादी न करें, बल्कि जल संरक्षण करें। पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दें और ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाएं। यदि अब नहीं जागे, तो आने वाली पीढ़ियां बूंद बूंद पानी को भी तरस जाएंगी।
रविवार को शामली ईंट निर्माता समिति की ओर से गांव किवाना के प्राथमिक विद्यालय परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम किया गया। जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने ग्रामीणों से कहा कि पर्यावरण संरक्षण करना सभी की जिम्मेदारी है। उसके लिए जरूरी है कि ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाएं। क्योंकि पेड़ों के अत्यधिक कटान और पानी के अत्यधिक दोहन की वजह से कई प्रकार की समस्याएं पैदा हो रही हैं। यदि अभी से इन समस्याओं का ठोस समाधान नहीं किया गया, तो भविष्य में बड़ा संकट पैदा हो जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने शामली जिले में 10 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य दिया है, जिसमें से साढ़े छह लाख पौधे अब तक लगाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को भी संकल्प लेना होगा कि पौधे लगाएं और उन पौधों का संरक्षण भी करें। इसके लिए ग्रामीण अपने परिजन, ईष्ट देव अथवा किसी परिचित के नाम से भी पौधे लगा सकते हैं। इस दौरान पूर्व विधायक बलबीर सिंह मलिक, अध्यक्ष भूपेंद्र मलिक, उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार शर्मा, महामंत्री सुनील गोयल, कोषाध्यक्ष हरेंद्र सिंह, किवाना ग्राम प्रधान शिवकुमार, उपेंद्र कुमार द्विवेदी, संजीव कुमार मलिक, राजकुमार और ग्राम प्रधान मखमूलपुर आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।